जिला चिकित्सालय में अवैध वसूली पर एक्स-रे टेक्नीशियन के खिलाफ मुकदमा दर्ज

फतेहपुर(वी.टी)। जिला अस्पताल में एक्स-रे जांच के नाम पर कथित अवैध वसूली के मामले में बड़ा प्रशासनिक कदम उठाते हुए संबंधित आउटसोर्स टेक्नीशियन के खिलाफ कोतवाली पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है। मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डा. राजेश कुमार की तहरीर पर पुलिस कार्रवाई के बाद स्वास्थ्य महकमे में दहशत है।अस्पताल प्रशासन द्वारा की गई शिकायत में आरोप लगाया गया  कि रेडियोलॉजी विभाग में आउटसोर्सिंग व्यवस्था के तहत तैनात एक्स-रे टेक्नीशियन अतुल कुमार मरीजों व तीमारदारों से जांच से पहले अनुचित धनराशि मांग रहा था। तहरीर में  घटना का भी उल्लेख किया गया है, जिसमें सदर तहसील में तैनात लेखपाल शैलेश कुमार तिवारी की मौजूदगी में एक मरीज से कथित रूप से नकद धनराशि लेने की बात सामने आयी है।  मामले की गंभीरता को देखते हुए अस्पताल प्रशासन ने इसे लोक कर्तव्यों के विपरीत आचरण बताते हुए भ्रष्टाचार निवारण कानून के तहत कार्रवाई की संस्तुति की है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर संबंधित टेक्नीशियन के खिलाफ गत 15 फरवरी को मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि साक्ष्यों और बयानों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। इस कार्रवाई के बाद अस्पताल की आउटसोर्स व्यवस्था और कार्यप्रणाली पर भी सवालिया निशान लगना लाजमी है। सूत्रों के मुताबिक, घटना गत 12 फरवरी की है और अस्पताल प्रशासन अब विभागीय स्तर पर भी जांच की तैयारी में जुट  गया है। मुकदमा दर्ज होने की खबर से विभाग में हड़कंप मचा है।  मुख्य चिकित्साधीक्षक ने स्पष्ट तौर पर कहा है कि मरीजों से किसी भी प्रकार की अवैध वसूली बर्दाश्त नहीं की जाएगी। शासन की मंशा के विपरीत जो भी ऐसा कृत्य करेगा उसे किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।

More From Author

जल संरक्षण व आधुनिक सिंचाई तकनीकों पर किसानों को किया गया जागरूक

उत्तर प्रदेश पुलिस का एक जवान रेलवे की तकिया व चद्दर चोरी करते पकड़ा गया, हाथ जोड़ता आरोपी सिपाही

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *