वित्त मंत्री को संबोधित ज्ञापन डीएम को सौंपा, शुल्क वापस लेने की मांग
फतेहपुर (वंदना टाइम्स)। यूपीआई भुगतान पर 0.4 प्रतिशत एमडीआर शुल्क लगाए जाने के प्रस्ताव के विरोध में यूपी इंडस्ट्रीज एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन किया। व्यापारियों ने जिलाधिकारी के माध्यम से केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण को ज्ञापन भेजकर प्रस्तावित शुल्क वापस लेने की मांग की।
एसोसिएशन के अध्यक्ष नारायण गुप्ता ने कहा कि यूपीआई ने डिजिटल लेनदेन को सरल और पारदर्शी बनाया है। ऐसे में भुगतान पर अतिरिक्त शुल्क लगाने से व्यापारियों और ग्राहकों का रुझान प्रभावित हो सकता है। इससे नकद लेनदेन को बढ़ावा मिलने की आशंका है। उन्होंने कहा कि प्रतिदिन बड़ी संख्या में यूपीआई भुगतान स्वीकार करने वाले छोटे और मध्यम व्यापारियों के लिए 0.4 प्रतिशत शुल्क भी अतिरिक्त आर्थिक बोझ बनेगा। इससे व्यापारियों के मुनाफे पर असर पड़ने के साथ वस्तुओं और सेवाओं की कीमतें बढ़ने की आशंका है, जिसका भार उपभोक्ताओं पर पड़ सकता है। एसोसिएशन ने केंद्र सरकार से प्रस्तावित शुल्क पर पुनर्विचार कर इसे वापस लेने और डिजिटल भुगतान व्यवस्था को निःशुल्क व सुलभ बनाए रखने की मांग की। इस दौरान नारायण बाबू गुप्ता, दीपक साहू, जयंत श्रीवास्तव, दिलीप कुमार, अभिषेक, मनीष कुमार, मजहर अहमद और आलोक कुमार सहित बड़ी संख्या में व्यापारी मौजूद रहे।
