अभयपुर पंचायत के मदारपुर, बड़ा खेड़ा व नया खेड़ा में पहुंचकर किसानों से मिले अधिकारी, मुआवजे का दिया भरोसा
फतेहपुर (वंदना टाईम्स)। बाढ़ की चपेट में आकर फसलें बर्बाद होने से परेशान किसानों को अब मुआवजे की उम्मीद बंधी है। गुरुवार को बिन्दकी तहसीलदार अमरेश सिंह और जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी कृष्ण कुमार त्रिपाठी ने राजस्व कर्मियों के साथ मलवां विकासखंड क्षेत्र की बाढ़ प्रभावित अभयपुर ग्राम पंचायत का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने पंचायत के मदारपुर, बड़ा खेड़ा, नया खेड़ा समेत अन्य मजरों में पहुंचकर खेतों में खड़ी एवं प्रभावित फसलों का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने प्रभावित किसानों से बातचीत कर बाढ़ से हुए नुकसान की जानकारी ली और मौके पर फसलों की स्थिति देखी। किसानों ने बाढ़ के कारण फसलों को हुए नुकसान से अवगत कराया। अधिकारियों ने किसानों को भरोसा दिलाया कि शासन के निर्देशों के तहत बाढ़ से प्रभावित फसलों का सर्वे और आकलन कराया जा रहा है। क्षति के आधार पर पात्र किसानों को नियमानुसार उचित मुआवजा उपलब्ध कराया जाएगा।
जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी कृष्ण कुमार त्रिपाठी ने प्रभावित किसानों से अपील की कि वे अपने-अपने न्याय पंचायत भवन में पहुंचकर संबंधित अभिलेख जमा कर दें, ताकि फसल क्षति का आकलन और मुआवजा प्रक्रिया समय से पूरी की जा सके। अधिकारियों के निरीक्षण से प्रभावित किसानों को राहत की उम्मीद जगी है।
