फतेहपुर (वंदना टाईम्स)। जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स ने सोमवार को जिला कारागार का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। डीएम ने जेल परिसर के कंट्रोल रूम, पाकशाला, पुरुष एवं महिला बंदीगृह, आंगनबाड़ी केंद्र तथा चिकित्सालय का निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान कंट्रोल रूम में सभी सीसीटीवी कैमरे क्रियाशील पाए गए। इसके बाद डीएम ने पाकशाला पहुंचकर बंदियों के लिए तैयार किए जा रहे भोजन की गुणवत्ता एवं व्यवस्था देखी। रसोईघर में निर्धारित मेन्यू के अनुसार बंदियों के लिए भोजन बनता मिला।
जिलाधिकारी ने पुरुष एवं महिला बंदीगृह का निरीक्षण कर बंदियों से उनकी समस्याओं के बारे में जानकारी ली। उन्होंने जेल अधीक्षक को निर्देशित किया कि जिन बंदियों को आवश्यकता हो, उन्हें नियमानुसार विधिक सहायता उपलब्ध कराई जाए। साथ ही बंदियों की मूलभूत सुविधाओं का विशेष ध्यान रखने को कहा।
डीएम ने कारागार परिसर स्थित एनआईओएस केंद्र का भी निरीक्षण किया और शिक्षा संबंधी व्यवस्थाओं की जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक, सीओ सिटी, जेलर सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
