हाथ से उखड़ी सड़क की परत, निर्माण की गुणवत्ता पर उठे सवाल

फतेहपुर (वंदना टाईम्स)। तेलियानी विकासखंड में अल्लीपुर से हसनापुर सानी तक निर्माणाधीन संपर्क मार्ग की गुणवत्ता को लेकर ग्रामीणों ने सवाल खड़े किए हैं। बिंदकी विधायक जयकुमार जैकी की मौजूदगी में ग्रामीणों ने सड़क की ऊपरी परत हाथ से उखाड़कर निर्माण की स्थिति दिखाई। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला सुर्खियों में आ गया। करीब 5.9 किलोमीटर लंबे मार्ग के निर्माण के लिए 4.86 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। निर्माण पूरा करने की समय सीमा दिसंबर 2025 में समाप्त हो चुकी है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि सड़क की ऊपरी परत इतनी कमजोर है कि उसे बिना औजार के हाथ से ही हटाया जा सकता है। मौके पर करीब 50 मीटर हिस्से की परत उखाड़ी गई। सूचना पर पहुंचे विधायक ने आरईडी के अधिकारियों और कार्यदायी संस्था के प्रति नाराजगी जताई। उन्होंने सड़क का निर्माण मानकों के अनुरूप कराने और अनियमितता मिलने पर कार्रवाई की बात कही।
जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स ने बताया कि सड़क का निर्माण एफडीआर (फुल डेप्थ रिक्लेमेशन) तकनीक से कराया गया है। सड़क की गुणवत्ता की तकनीकी जांच कराई जाएगी। साथ ही विकास कार्य में बाधा डालने वालों की भूमिका की भी जांच होगी। बताया गया कि मौके पर मौजूद महिला जेई ने सड़क की परत उखाड़ने से ग्रामीणों को रोका था, लेकिन इसके बावजूद कुछ लोगों ने परत हटा दी।
निरीक्षण के दौरान भाजपा नेता पंकज त्रिपाठी, आशुतोष अवस्थी, शुभम परिहार सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। ग्रामीणों ने सड़क की गुणवत्ता की जांच कराकर मानक के अनुरूप निर्माण पूरा कराने की मांग की।

More From Author

भाभी से अवैध संबंधों का विरोध करने पर बहन की हत्या का आरोप

मामूली विवाद में युवक की पीट-पीटकर हत्या, दो सगे भाइयों को उम्रकैद

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *