एसपी को शिकायती पत्र देकर जीजा, जेठानी व जेठ पर मुकदमा दर्ज करने की मांग
फतेहपुर (वंदना टाईम्स)। मलवां थाना क्षेत्र के मीरमऊ गांव निवासी एक युवक ने अपने जीजा पर पत्नी के साथ अवैध संबंधों के विरोध के चलते अपनी बहन की गला दबाकर हत्या किए जाने का आरोप लगाया है। पीड़ित ने पुलिस अधीक्षक को शिकायती पत्र देकर मामले की निष्पक्ष जांच कराकर आरोपित जीजा, जेठानी और जेठ के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग की है।
मीरमऊ गांव निवासी रानू पुत्र ननकू ने एसपी को दिए शिकायती पत्र में बताया कि उसकी बहन कोमल की शादी खागा थाना क्षेत्र के रमढ़ेरवा मजरे टेनी निवासी सुनील पुत्र कृष्ण बिहारी के साथ हुई थी। आरोप है कि शादी के बाद से ही सुनील अक्सर कोमल के साथ मारपीट करता था। इसकी शिकायत कोमल कई बार परिजनों से कर चुकी थी। शिकायती पत्र के अनुसार एक अक्टूबर 2026 को कोमल ने अपने पति सुनील और जेठानी सतरूपा को कथित रूप से आपत्तिजनक स्थिति में देख लिया था। कोमल ने इसका विरोध करते हुए घटना की जानकारी रिश्तेदारों को देने की बात कही। उसने पूरी घटना अपनी बड़ी बहन बसंती देवी को भी बताई थी।
रानू का आरोप है कि इसी बात को लेकर सुनील, सतरूपा पत्नी उमेश और उमेश पुत्र कृष्ण बिहारी ने षड्यंत्र के तहत कोमल की गला दबाकर हत्या कर दी। घटना की जानकारी मिलने पर वह मौके पर पहुंचा और पुलिस को भी शिकायती पत्र दिया, लेकिन आरोप है कि मामले में कोई कार्रवाई नहीं हुई।
पीड़ित भाई ने पुलिस अधीक्षक से पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराकर आरोपित जीजा, जेठानी और जेठ के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने तथा दोषियों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग की है।
