फतेहपुर (वंदना टाईम्स)। जिले की ग्राम पंचायतों में कराए गए विकास कार्यों की जांच की मांग को लेकर राष्ट्रवादी पार्टी के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर प्रदर्शन किया। जिलाध्यक्ष एवं प्रयागराज मंडल प्रभारी रामकिशोर सिंह के नेतृत्व में जिलाधिकारी को संबोधित ज्ञापन सौंपकर ग्राम पंचायत कोरा-कनक, विकासखंड असोथर में वित्तीय वर्ष 2021-22 से 2024-25 के बीच कराए गए विकास कार्यों का स्थलीय सत्यापन कराए जाने की मांग की गई।
जिलाध्यक्ष रामकिशोर सिंह पुत्र स्व. राजबहादुर सिंह ने बताया कि उन्होंने छह जुलाई को जिलाधिकारी को शिकायती पत्र देकर ग्राम पंचायत में कराए गए विभिन्न विकास कार्यों में अनियमितताओं की जांच की मांग की थी। उनके अनुसार, शिकायत की जांच खंड विकास अधिकारी द्वारा अधीनस्थ कर्मचारियों से कराई गई। आरोप है कि सहायक अधिकारी अर्पित रस्तोगी द्वारा की गई स्थलीय जांच में शिकायत को निराधार बताते हुए जांच समाप्त कर दी गई।
रामकिशोर सिंह का कहना है कि जांच प्रक्रिया को लेकर उन्हें आपत्ति है और उन्होंने आरोपों के समर्थन में दस्तावेज उपलब्ध कराए हैं। उन्होंने बताया कि आठ सितंबर को तीन प्रतियों में शपथपत्र के साथ पुनः जांच के लिए प्रार्थना पत्र दिया गया, लेकिन अभी तक इस पर कोई कार्रवाई नहीं हुई है।
प्रदर्शन के दौरान पार्टी पदाधिकारियों ने मांग की कि ग्राम पंचायत कोरा-कनक में वित्तीय वर्ष 2021-22 से 2024-25 तक कराए गए सभी विकास कार्यों का किसी निष्पक्ष जांच एजेंसी अथवा उच्च अधिकारी से दोबारा स्थलीय सत्यापन कराया जाए। उनका कहना है कि निष्पक्ष जांच होने से लगाए गए आरोपों की वास्तविकता सामने आ सकेगी।
मीडिया से बातचीत में रामकिशोर सिंह ने कहा कि यदि मामले की जांच किसी उच्च अधिकारी से कराई जाती है तो पूर्व में तैयार की गई जांच रिपोर्ट की भी वास्तविकता स्पष्ट हो जाएगी। उन्होंने प्रशासन से संलग्न दस्तावेजों एवं शपथपत्र के आधार पर निष्पक्ष जांच कर आवश्यक कार्रवाई किए जाने की मांग की।
