फतेहपुर (वंदना टाईम्स)। जहानाबाद थाना क्षेत्र के चंदीपुर गांव में शनिवार भोर के समय दीवार फांदकर घर में घुसे अज्ञात चोरों ने कमरे का ताला तोड़कर नकदी और जेवरात समेत लाखों रुपये का सामान पार कर दिया। घटना के समय गृहस्वामी और उनकी पत्नी घर के बाहर बरामदे में सो रहे थे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है। घर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।
चंदीपुर गांव निवासी शहीद आलम पुत्र सफर अली ने बताया कि शुक्रवार देर शाम खाना खाने के बाद गर्मी के कारण पति-पत्नी बरामदे में सो गए थे। रात करीब तीन बजे तक सब कुछ सामान्य था। सुबह पत्नी की नींद खुली तो कमरे का दरवाजा खुला पड़ा था। अंदर जाकर देखा तो सामान बिखरा हुआ था और बड़े बक्से का ताला टूटा था।
पीड़ित के मुताबिक बक्से में रखी करीब 2.75 लाख रुपये की नकदी, सोने का हार, अंगूठी, दो जोड़ी झुमके, सोने की बिंदी, चांदी का हार, तीन जोड़ी पायल, दो हाथफूल, बाल चोटी, पांच जोड़ी बिछिया समेत अन्य कीमती सामान चोरी कर लिया गया। चोरी की घटना रात करीब तीन से चार बजे के बीच होने की आशंका है।
घर में दो सीसीटीवी कैमरे लगे हैं। एक कैमरा बरामदे और दूसरा घर के पीछे की ओर लगा है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोरों की पहचान करने में जुटी है।क्षेत्र में लगातार सामने आ रही चोरी की घटनाओं से लोगों में चिंता बढ़ रही है। ग्रामीणों का कहना है कि पुलिस चोरी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने में सफल नहीं हो पा रही है, जिसके चलते चोर बेखौफ होकर वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। लगातार हो रही घटनाओं से पुलिस की गश्त और सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठ रहे हैं
