डॉ. प्रियंका गुप्ता को ‘बेस्ट प्रिंसिपल अवॉर्ड’
फतेहपुर (वी.टी)। शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट नेतृत्व और अकादमिक गुणवत्ता की पहचान बन चुकीं डॉ. प्रियंका गुप्ता प्रिंसिपल सेंट ज़ेवियर्स हाईस्कूल को राष्ट्रीय स्तर पर ‘बेस्ट प्रिंसिपल अवॉर्ड’ से सम्मानित किया गया। यह सम्मान नीति आयोग (NITI Aayog) द्वारा राजधानी नई दिल्ली में आयोजित एक भव्य समारोह में प्रदान किया गया। डॉ. प्रियंका गुप्ता को यह पुरस्कार सीबीएसई के एग्ज़ाम कंट्रोलर डॉ. सन्यम भारद्वाज तथा शिक्षा मंत्रालय भारत सरकार के अधीन NIOS के डिप्टी डायरेक्टर डॉ. आलोक कुमार गुप्ता के कर-कमलों से प्रदान किया गया। यह सम्मान उन्हें विद्यालय में अकादमिक उत्कृष्टता निरंतर जिला टॉपर्स देने की उपलब्धि तथा उनके कुशल और दूरदर्शी नेतृत्व में विद्यालय के क्वालिटी परफॉर्मेंस इंडेक्स (QPI) में हुए उल्लेखनीय और तीव्र सुधार के लिए दिया गया। उनके मार्गदर्शन में विद्यालय ने शैक्षणिक गुणवत्ता अनुशासन और नवाचार के क्षेत्र में नई मिसाल कायम की है। सम्मान प्राप्त करने पर डॉ. प्रियंका गुप्ता ने इसे विद्यालय के चेयरमैन समस्त शिक्षकगण, विद्यार्थियों और अभिभावकों के सहयोग और सामूहिक प्रयास का परिणाम बताया। उन्होंने कहा कि उनका लक्ष्य केवल शैक्षणिक परिणाम तक सीमित नहीं बल्कि विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास सुनिश्चित करना है। इस उपलब्धि पर सेंट ज़ेवियर्स हाई स्कूल परिवार सहित पूरे शिक्षा जगत में हर्ष और गौरव का वातावरण है। डॉ. प्रियंका गुप्ता की यह सफलता निश्चय ही अन्य शिक्षाविदों के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी।
