पुलिस मुठभेड़ में एक लाख का इनामी हिस्ट्रीशीटर घायल

साथी के पैर में भी लगी गोली, तीन अन्य आरोपी गिरफ्तार; तमंचे, कारतूस, चोरी की बाइक व धारदार हथियार बरामद
फतेहपुर (वंदना टाइम्स)। हथगांव थाना क्षेत्र में सोमवार देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। पट्टीशाह गांव के पास धोबी तालाब किनारे स्थित बाग में हुई मुठभेड़ के दौरान एक लाख रुपये का इनामी हिस्ट्रीशीटर रियाज कुरैशी और उसका साथी इसरार कुरैशी पुलिस की गोली लगने से घायल हो गए। दोनों को उपचार के लिए जिला अस्पताल फतेहपुर भेजा गया। वहीं मौके से भाग रहे तीन अन्य आरोपियों को पुलिस ने घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के मुताबिक, थाना हथगांव में दर्ज गैंगस्टर एक्ट के मुकदमे से संबंधित एक लाख रुपये के इनामी एवं हिस्ट्रीशीटर अभियुक्त रियाज कुरैशी पुत्र जमील कुरैशी निवासी पट्टीशाह को पुलिस टीम ने घेरने का प्रयास किया। इसी दौरान बदमाशों की ओर से फायरिंग की गई। जवाबी कार्रवाई में रियाज के दाहिने पैर में गोली लगी। उसका साथी इसरार कुरैशी पुत्र जमील कुरैशी के बाएं पैर में भी गोली लगी। दोनों को तत्काल जिला अस्पताल भेजा गया।
पुलिस ने मौके से भाग रहे शंकर साहू निवासी पट्टीशाह, रेहान उर्फ छोटू निवासी बाकरगंज और हनीफ निवासी पीरनपुर को भी गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने गिरफ्तार एवं घायल आरोपियों के कब्जे से दो देशी तमंचे 315 बोर, दो जिंदा कारतूस, दो खोखा कारतूस, एक चोरी की मोटरसाइकिल और घटना में प्रयुक्त एक अन्य बाइक बरामद करने का दावा किया है। इसके अलावा लोहे का चापड़, दो चाकू, लकड़ी का चौकोर ठीहा, पीले रंग की त्रिपाल, तीन रस्सियां और काली पॉलीथीन का एक पैकेट भी बरामद हुआ। पुलिस ने मौके से एक जीवित गोवंश बरामद किए जाने की भी जानकारी दी है।
रियाज पर 33 से अधिक मुकदमे
पुलिस के अनुसार, रियाज कुरैशी का लंबा आपराधिक इतिहास है। उसके खिलाफ फतेहपुर के विभिन्न थानों समेत अन्य जनपदों में 33 से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। वहीं इसरार कुरैशी के खिलाफ भी विभिन्न थानों और अन्य जनपदों में 15 से अधिक मुकदमे पंजीकृत बताए गए हैं। गिरफ्तार किए गए अन्य आरोपियों के आपराधिक इतिहास की जानकारी पुलिस जुटा रही है।
हथगांव पुलिस ने मुठभेड़ और गिरफ्तारी के मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

More From Author

छात्र तेजस की मौत के मामले में बजरंग सेना ने उठाई गिरफ्तारी और बुलडोजर कार्रवाई की मांग

दो अलग-अलग हादसों में दो युवकों की मौत, एक का तालाब में मिला शव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *