फतेहपुर (वंदना टाईम्स)। सदर कोतवाली क्षेत्र के शिवपुरम स्थित सरस्वती बाल मंदिर इंटर कॉलेज में छात्र तेजस द्विवेदी उर्फ यशु की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। सोमवार को बजरंग सेना के पदाधिकारियों एवं पीड़ित परिवार के लोगों ने जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक के माध्यम से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को शिकायती पत्र भेजकर मामले में कार्रवाई की मांग की।
शिकायती पत्र में संगठन ने विद्यालय के फरार प्रबंधक राकेश त्रिवेदी की जल्द गिरफ्तारी की मांग उठाई। साथ ही आरोपी प्रबंधक के खिलाफ बुलडोजर कार्रवाई किए जाने की भी मांग की गई। बजरंग सेना ने मामले की निष्पक्ष जांच के लिए विद्यालय से निष्कासित किए गए तीन छात्रों को बुलाकर पूछताछ किए जाने की मांग भी रखी है।
बताया गया कि विद्यालय में नकल के आरोप में कार्रवाई के बाद छात्र तेजस द्विवेदी उर्फ यशु की हालत बिगड़ गई थी, जिसके बाद उसकी मौत हो गई। घटना के बाद से ही पीड़ित परिवार मामले में जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहा है। संगठन ने आरोप लगाया कि मामले में आरोपी प्रबंधक राकेश त्रिवेदी फरार चल रहा है, जिसकी गिरफ्तारी जल्द की जानी चाहिए।
बजरंग सेना के पदाधिकारियों ने चेतावनी दी कि यदि एक सप्ताह के भीतर मामले में ठोस कार्रवाई नहीं की गई तो संगठन कार्यकर्ताओं के साथ विद्यालय का घेराव किया जाएगा। संगठन ने पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई किए जाने की मांग की है।
