यू पी स्टेट गोल्डन कप ताइक्वांडो चैंपियनशिप में दमखम दिखाएंगे फतेहपुर के 19 खिलाड़ी
विजय तिलक लगाकर और पुष्पहार पहनाकर खिलाड़ियों को किया गया रवाना, कोच भारत वर्मा व शिव कुमार के नेतृत्व में गई टीम
फतेहपुर (वंदना टाईम्स)। लखनऊ स्थित स्पोर्ट्स स्टेडियम में आयोजित होने वाली दो दिवसीय यू पी स्टेट गोल्डन कप ताइक्वांडो चैंपियनशिप में प्रतिभाग करने के लिए फतेहपुर के 19 खिलाड़ियों का दल दो कोच के साथ रवाना हुआ। इस अवसर पर ताइक्वांडो एसोसिएशन ऑफ फतेहपुर के अध्यक्ष किशन मेहरोत्रा ने खिलाड़ियों का विजय तिलक लगाकर और पुष्पहार पहनाकर अभिनंदन किया तथा उन्हें प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रोत्साहित किया।
कोच भारत वर्मा और शिव कुमार की निगरानी में रवाना हुए खिलाड़ियों में आराध्या त्रिपाठी, दीक्षा सिंह, अंजलि मिश्रा, वसुन्धरा, आराध्या सिंह, अंशिका यादव, प्रिया देवी, अनन्या, कुणाल साहू, अंश श्रीवास्तव, वत्सल श्रीवास्तव, यथार्थ सिंह, आशु मौर्या, सूर्या साहू, अंश मौर्य, साक्ष्य चौधरी, आयुष्मान सिंह, अथर्व पटेल और कृष्णा सिंह शामिल हैं। रवाना होने के दौरान खिलाड़ियों ने भारत माता की जय और वंदे मातरम् के गगनभेदी नारे लगाकर उत्साह का प्रदर्शन किया। इस मौके पर एसोसिएशन के अध्यक्ष किशन मेहरोत्रा ने कहा कि तन और मन की पूरी शक्ति के साथ खेला गया खेल कभी व्यर्थ नहीं जाता। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए सभी को विजयश्री प्राप्त करने का आशीर्वाद दिया। इस अवसर पर खिलाड़ियों के अभिभावक भी उपस्थित रहे और उन्होंने टीम को प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए शुभकामनाएं दीं।
