30 खंभों से 10 लाख का विद्युत तार चोरी

33 केवी और 11 केवी लाइनों को बनाया निशाना, पुलिस ने शुरू की जांच
फतेहपुर (वंदना टाईम्स)। कल्यानपुर थाना क्षेत्र के गुगौली गांव के पास बीती रात अज्ञात चोरों ने विद्युत विभाग को बड़ा नुकसान पहुंचाते हुए 33 केवी और 11 केवी की विद्युत लाइनों के करीब 30 खंभों से लाखों रुपये कीमत का एल्यूमीनियम तार काटकर चोरी कर लिया। चोरी गए तार की कीमत करीब 10 लाख रुपये बताई जा रही है। घटना के बाद विद्युत विभाग में हड़कंप मच गया।
अवर अभियंता सुंदरम सिंह यादव ने बताया कि मलवां से बिंदकी रोड द्वितीय उपकेंद्र को जाने वाली 33 केवी लाइन पहले से ब्रेकडाउन में है। वहीं चौडगरा उपकेंद्र से मौहार, गुगौली, यादगारपुर, कंसपुर, कल्यानपुर सहित कई गांवों की विद्युत आपूर्ति के लिए निर्माणाधीन मौहार फीडर द्वितीय की 11 केवी लाइन को भी चोरों ने निशाना बनाया। चोरों ने 11 केवी लाइन के 13 खंभों तथा 33 केवी लाइन के 17 खंभों से तार काट लिया। इस तरह कुल 30 खंभों की लाइन से लगभग 10 लाख रुपये कीमत का विद्युत तार चोरी हुआ है। तार काटने के कारण विद्युत व्यवस्था पर भी असर पड़ा है।
अवर अभियंता सुंदरम यादव ने मामले की तहरीर कल्यानपुर थाना पुलिस को दी है। थाना प्रभारी तुषार श्रीवास्तव ने बताया कि अज्ञात विद्युत चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। अधिकारियों को उम्मीद है कि सीसीटीवी फुटेज और अन्य सुरागों के आधार पर जल्द ही चोरों का पता लगाया जा सकेगा।

More From Author

बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले ताइक्वांडो खिलाड़ी हुए सम्मानित

ब्लॉक चुनाव के बाद ही जिला चुनाव कराने का फैसला, पांच संयोजक नामित

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *