महात्मा गांधी, लाल बहादुर शास्त्री व मसूरिया दीन पासी की प्रतिमाओं पर किया माल्यार्पण
फतेहपुर ( वंदना टाईम्स)। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी, पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय लाल बहादुर शास्त्री एवं स्वतंत्रता सेनानी स्वर्गीय मसूरिया दीन पासी की जयंती के अवसर पर शुक्रवार को कांग्रेसियों ने विभिन्न कार्यक्रम आयोजित कर महापुरुषों को श्रद्धांजलि अर्पित की। कांग्रेस पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने तीनों महापुरुषों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर उनके आदर्शों को याद किया। इसके बाद जिला अध्यक्ष महेश द्विवेदी एवं शहर अध्यक्ष आरिफ गुड्डा के सह नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने चुनाव आयोग के विरोध में मार्च निकाला।
इस अवसर पर जिला अध्यक्ष महेश द्विवेदी ने कहा कि महात्मा गांधी, लाल बहादुर शास्त्री और मसूरिया दीन पासी देश के सच्चे नायकों में शामिल हैं। यदि हम उनके आदर्शों का पालन करें तो भारत निश्चित रूप से विश्व में अग्रणी स्थान हासिल कर सकता है। उन्होंने कहा कि आज की राजनीति ने महापुरुषों के योगदान को भी नहीं बख्शा है। उन्होंने मसूरिया दीन पासी के योगदान को याद करते हुए कहा कि उन्होंने पासी समाज पर लगे जरायम पेशा कानून को हटवाने के लिए महत्वपूर्ण भूमिका निभाई और अपने समाज के प्रति प्रतिबद्धता निभाई।
शहर अध्यक्ष आरिफ गुड्डा ने कहा कि आज देश जिस मुकाम पर खड़ा है, उसमें महात्मा गांधी के त्याग और तपस्या का महत्वपूर्ण योगदान है। वहीं पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय लाल बहादुर शास्त्री की बेदाग एवं ईमानदार राजनीति देश को गौरवान्वित करती है। उन्होंने स्वतंत्रता आंदोलन में मसूरिया दीन पासी के संघर्ष और योगदान की भी सराहना की। कार्यक्रम में वरिष्ठ नेता संतोष कुमारी शुक्ला, कलीम उल्ला सिद्दीकी, राजीव लोचन निषाद, आदित्य श्रीवास्तव, अरुण जायसवाल, बसीर अहमद, राम नरेश महराज, शमशाद, मो. हफीज, सहाब अली, अजय कुमार बच्चा, कौशल कुमार शुक्ला, आनन्द सिंह गौतम, ओम प्रकाश कोरी, निजामुद्दीन, इंद्रजीत लोधी, मिसबाहुल, चौधरी मोइन राइन, अब्दुल रज्जाक, राशिद सिद्दीकी, अमीरउज्जमा खां, मो. रमजान, शेर आलम सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
