_सेठ एमआर जयपुरिया स्कूल में हुआ पुरस्कार वितरण समारोह_
फतेहपुर(वी.टी)। शहर के मुराइन टोला स्थित सेठ एमआर जयपुरिया स्कूल में जोश छात्रवृत्ति परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कक्षा 9 के मेधावी छात्रों का पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित किया गया। शुभारंभ मुख्य अतिथि सहायक परिवहन अधिकारी प्रतीक मिश्रा ने दीप प्रज्वलित कर किया। विद्यालय प्रधानाचार्य जी पी मिश्रा ने कहा कि गरीबी हालत हो सकती है काबिलियत नहीं, हर बच्चा काबिल है बस अवसर चाहिए। जयपुरिया स्कूल द्वारा प्रतिवर्ष इसी उद्देश्य से जो छात्रवृत्ति परीक्षा का आयोजन करता रहा है जिससे मेधावी छात्रों को प्रोत्साहन मिल सके। इस दौरान प्रथम स्थान पर रहे अदिति पटेल को स्कूटी एवं दो वर्षों तक 100 फ़ीसदी शुल्क माफी, दूसरा स्थान प्राप्त करने वाले हेमंत कुमार लाल को इलेक्ट्रिक साइकिल एवं दो वर्षों तक 90 फ़ीसदी शुल्क माफी, तृतीय स्थान पाने वाले उत्कर्ष चंद को लैपटॉप एवं दो वर्षों तक 80 फ़ीसदी शुल्क माफी, चौथा स्थान प्राप्त करने वाले अनुकल्प त्रिपाठी को मोबाइल फोन एवं दो वर्षों तक 70 फ़ीसदी शुल्क माफी एवं पंचम स्थान प्राप्त करने वाले अभिषेक सिंह को मोबाइल फोन एवं 60 फ़ीसदी शुल्क माफी से पुरस्कृत किया गया। अन्य मेधावी छात्रों को भी विभिन्न पुरस्कार प्रदान कर उनका मनोबल बढ़ाया गया। प्रबंधक रंजना सिंह ने कहा कि छात्रवृत्ति सहायता बच्चों के सपनों की उड़ान के लिए है। आर्थिक सहायता प्रदान करके आगे बढ़ाने में यह मददगार साबित होगी। आश्वासन दिया कि संस्था बच्चों के उज्जवल भविष्य के लिए निरंतर प्रयास करती रहेगी। इस मौके पर बिठौरा ब्लॉक प्रमुख अमित तिवारी,मुख्य चिकित्सा अधिकारी नयन गिरि, हेड मास्टर सीजो वर्गीस, हेड मिस्ट्रेस उर्वशी पांडे, मार्केटिंग हेड जरीना अंजुम सहित विद्यालय के अन्य शिक्षक एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
