फतेहपुर (वंदना टाईम्स)। कांग्रेस नेता सोनिया गांधी द्वारा ‘वंदे मातरम्’ के बीच में रुकवाने के आरोप को लेकर भारतीय जनता युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने रविवार को शहर में ‘युवा आक्रोश मशाल यात्रा’ निकालकर विरोध प्रदर्शन किया। मशाल यात्रा बाकरगंज चौराहे से शुरू होकर कांग्रेस कार्यालय तक पहुंची। हाथों में मशाल लेकर कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस के खिलाफ नारेबाजी की और ‘वंदे मातरम्’ के समर्थन में जोरदार प्रदर्शन किया। कांग्रेस कार्यालय के सामने कार्यकर्ताओं ने मशाल जलाकर ‘वंदे मातरम्’ का सामूहिक गान भी किया।
भाजयुमो जिलाध्यक्ष मधुराज विश्वकर्मा ने कहा कि ‘वंदे मातरम्’ केवल एक गीत नहीं, बल्कि देश की स्वतंत्रता, राष्ट्रभक्ति और करोड़ों देशवासियों की भावनाओं से जुड़ा राष्ट्रीय गीत है। इसका अपमान देश की भावनाओं का अपमान है और इसे किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि युवाओं के लिए राष्ट्र सर्वोपरि है तथा देश की एकता, अखंडता और राष्ट्रीय सम्मान के प्रतीकों के प्रति सम्मान प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। उन्होंने कांग्रेस से इस मामले में देश से माफी मांगने की मांग की।
मशाल यात्रा के दौरान कांग्रेस मुर्दाबाद और ‘वंदे मातरम्’ के समर्थन में जमकर नारे लगाए गए। इस दौरान प्रसून तिवारी, ऐश्वर्य सिंह चंदेल, जिला उपाध्यक्ष आशीष तिवारी, वैभव द्विवेदी, अनुसूचित मोर्चा जिलाध्यक्ष अभिजीत भारती, यश गुप्ता, दीपक वाल्मीकि, गौरव गुप्ता, आभाष मिश्रा, रोहित कश्यप, संजय श्रीवास्तव, संजय जौहरी, अजीत भदौरिया, सत्यम अवस्थी, अभिषेक गुप्ता, किशन शुक्ला, अभिषेक सैनी, नीलेश मिश्रा, शिवम ओमर सहित बड़ी संख्या में भाजपा एवं भाजयुमो कार्यकर्ता मौजूद रहे।
