फतेहपुर (वी.टी)। दो पक्षों के बीच मारपीट में एक युवक की हालत गंभीर बनी हुई है। गंभीर घायल युवक की मां ने दूसरे पक्ष पर मारपीट का मुकदमा दर्ज कराया है। दूसरे पक्ष के घायल एक व्यक्ति का भी पुलिस ने मेडिकल कराया है।
बिन्दकी कोतवाली क्षेत्र के सरकंडी गांव में रविवार की देर रात दो पक्षो मे जमकर मारपीट हो गयी जिसमे एक पक्ष से मनमोहन 25 वर्ष तथा दूसरे पक्ष के गिरिजा शंकर घायल हो गए थे। दोनों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया था।चिकित्सक ने गंभीर घायल मनमोहन प्रजापति को जिला अस्पताल के लिए रेफर किया। जिला अस्पताल से कानपुर हैलट अस्पताल के लिए रेफर किया गया। घायल मनमोहन प्रजापति का इलाज कानपुर के बारा देवी के पास स्थित एक निजी अस्पताल में चल रहा है जहा हालत नाजुक बताई जाती है। घायल युवक की मां रूप रानी देवी ने पुत्र के साथ मारपीट करने वाले चार आरोपियों बलराम, अंकुश, विनोद, तथा हरिशंकर निवासी ग्राम सरकंडी के खिलाफ कोतवाली में मुकदमा दर्ज करवाया है।
