संदिग्ध परिस्थितियों में तालाब मे मिला शव, आक्रोशित परिजनों ने पखरौली चौराहे पर शव रखकर लगाया जाम

पखरौली चौराहे पर एक घंटे तक ठप रहा आवागमन
-पुलिस के समझाने और कार्रवाई के आश्वासन पर शांत हुए ग्रामीण

फतेहपुर (वी.टी)। गाजीपुर थाना क्षेत्र के पखरौली निवासी एक 55 वर्षीय अधेड़ का शव संदिग्ध परिस्थितियों में तालाब मे मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। आक्रोशित परिजनों ने शव को थाना क्षेत्र पखरौली चौराहे पर रखकर जाम लगा दिया। लगभग एक घंटे तक चले हंगामे और पुलिस की कड़ी मशक्कत के बाद मामला शांत हुआ और पुलिस की मौजूदगी में अंतिम संस्कार कराया गया।
पखरौली निवासी सोहनलाल लोधी (55) सबसे छोटे बेटे कमलेश के साथ गांव में रहकर जीवन यापन करते थे। अन्य पुत्र सोनू (35), मोनू (30) और नहरी (22) पुणे में मजदूरी करते हैं। 16 अप्रैल को सोहनलाल, बहू सुनैना के ननिहाल शहर के लोधीगंज स्थित जयराम का पुरवा मुंडन संस्कार में शामिल होने गए थे। समारोह के बाद वह घर वापस नहीं लौटे। काफी खोजबीन के बाद जब उनका पता नहीं चला तो 17 अप्रैल को थाने में उनकी गुमशुदगी दर्ज कराई गई। बीती 20 अप्रैल को सदर कोतवाली क्षेत्र के जयराम का पुरवा स्थित एक तालाब में शव उतराता मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जब शिनाख्त कराई, तो मृतक की पहचान गुमशुदा सोहनलाल लोधी के रूप में हुई। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम के बाद जब शव गांव पहुंचा तो परिजनों और पड़ोसियों का धैर्य जवाब दे गया।
कार्रवाई की मांग को लेकर ग्रामीणों ने पखरौली चौराहे पर शव रखकर रोड जाम कर दिया। जाम की खबर मिलते ही थाना पुलिस, ललौली इंस्पेक्टर और डायल 112 की टीमें मौके पर पहुंचीं। करीब एक घंटे तक चले हंगामे के बीच पुलिस अधिकारियों और परिजनों के बीच तीखी झड़प भी हुई। हंगामे की सूचना मिलते ही सीओ सिटी वीर सिंह और सदर कोतवाल हेमंत कुमार मिश्रा भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई का भरोसा दिलाया तब जाकर परिजन शांत हुए जाम खोला। तनावपूर्ण माहौल को देखते हुए भारी पुलिस बल की मौजूदगी में मृतक सोहनलाल का अंतिम संस्कार कराया गया। सीओ सिटी वीर सिंह ने बताया कि मामले की गहराई से जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

More From Author

दो पक्षो मे मारपीट एक युवक की हालत नाजुक, चार के खिलाफ मुकदमा दर्ज

सपा सांसद नरेश उत्तम पटेल के आवास पर तोड़फोड़ के विरोध में फतेहपुर में प्रदर्शन, कार्रवाई की मांग

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *