समाधान दिवस में शिकायत कर पीड़िता ने बच्चों संग दी आत्मदाह की चेतावनी_
फतेहपुर(वी.टी)। मालवां थाना क्षेत्र के दीवानीपुर गांव की रहने वाली विधवा महिला ने भूमिधरी जमीन पर अवैध कब्जे का आरोप लगा जिलाधिकारी से न्याय की गुहार लगाई है। चेतावनी दी है कि न्याय नहीं दिया गया तो तीन नाबालिक बेटियों व पुत्र के साथ आत्महत्या के लिए मजबूर होगी। तहसील समाधान दिवस में जिलाधिकारी को दिए गए पत्र में विधवा गीता देवी ने बताया कि पति इंद्रजीत सिंह के निधन के बाद गांव के ही एक व्यक्ति ने भूमिधरी गाटा संख्या 83 पर अवैध कब्जा कर निर्माण शुरू कर दिया। जमीन फतेहपुर-जोनिहा मार्ग (स्टेट हाईवे 270) पर स्थित है। तीन नाबालिग बेटियों और एक बेटे की जिम्मेदारी है। आर्थिक स्थिति कमजोर होने के बावजूद वह पिछले चार महीनों से न्याय के लिए अधिकारियों के चक्कर लगाने को मजबूर है।महिला का आरोप है कि कब्जा करने वाले व्यक्ति को सत्ता पक्ष के एक नेता का संरक्षण प्राप्त है, जिसके कारण उनकी सुनवाई नहीं हो रही है।जमीन के पश्चिम में बनी सरकारी नाली को तोड़कर भी अतिक्रमण किया गया है और उनकी जमीन से रास्ता निकालने का प्रयास किया जा रहा है।संबंधित व्यक्ति की जमीन पीछे है। जल्द मामले में कोई कार्रवाई नहीं हुई तो बच्चों सहित आत्मदाह करने को मजबूर होंगी।
