फतेहपुर(वी.टी)। बेटी की शादी के लिए छुट्टी न मिलने से आहत होकर बिंदकी कोतवाली क्षेत्र के आलियाबाद स्थित प्राथमिक विद्यालय परिसर में बीएलओ एवं शिक्षामित्र द्वारा आत्महत्या किए जाने के मामले में अब सियासत तेज हो गई है। कांग्रेस नेताओं ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की और हर संभव मदद का भरोसा दिलाया।
कांग्रेस के स्थानीय नेताओं ने मृतक के परिजनों को 21 हजार रुपये की आर्थिक सहायता का चेक प्रदान किया तथा सरकार से 50 लाख रुपये मुआवजा और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग उठाई। इस दौरान कहा गया कि बेटी की शादी जैसे महत्वपूर्ण अवसर पर छुट्टी न मिलना अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है और प्रशासनिक दबाव की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। बताया गया कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय सोमवार को फतेहपुर पहुंचकर पीड़ित परिवार से मुलाकात करेंगे। उनके दौरे को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं में भी सक्रियता बढ़ गई है। मालूम हो कि एसआईआर सर्वे की ड्यूटी कर रहे शिक्षामित्र एवं बीएलओ अखिलेश कुमार ने विद्यालय परिसर में फांसी लगाकर जान दे दी थी। परिजनों के अनुसार आठ मार्च को उनकी बेटी की शादी तय थी। मामले में मिले सुसाइड नोट में बिंदकी एसडीएम और ईओ को जिम्मेदार ठहराया गया है। घटना के बाद से प्रशासनिक कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठ रहे हैं और पुलिस व जिला प्रशासन द्वारा जांच जारी है।
