_पंजाब प्रांत के लुधियाना जिले के सिमरैला चौक के रहने वाले हैं मृतक
-स्विफ्ट डिजायर को ईट से लदे तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने मारी थी जोरदार टक्कर_
_-हादसे में मृतक राजकुमार का 13 वर्षी पुत्र भी हुआ घायल जिसका कराया जा रहा इलाज_
फतेहपुर(वी.टी)। असोथर थाना क्षेत्र में पंजाब के लुधियाना जिले के सेमरैला चौक क्षेत्र निवासी ससुर-दामाद की सिंधुतारा के समीप स्विफ्ट डिजायर कार व ईट से लदे ट्रैक्टर की भिड़ंत में दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद ट्रैक्टर और स्विफ्ट डिजायर सड़क किनारे खंती (जमीन में बनाया गया एक पतला गड्ढा) में पलट गए। हादसे में कार सवार लुधियाना निवासी 50 वर्षीय राजकुमार शर्मा की मौके पर ही मौत हो गई जबकि 26 वर्षीय दामाद सोनू उर्फ सतीश की इलाज के दौरान मौत हो गई। वहीं राजकुमार का 13 वर्षीय पुत्र मोहित गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया। चिकित्सकों के अनुसार घायल की हालत फिलहाल स्थिर बनी हुई है। बताया जाता है सभी लोग जरौली गांव निवासी ममेरे भाई दीपू शर्मा की शादी में शामिल होने के लिए आए हुए थे। गुरुवार शाम दीपू शर्मा की बरात चित्रकूट जिले के भरतकूप जानी थी। हादसे की खबर मिलते ही शादी वाले घर में कोहराम मच गया और खुशियों का माहौल पल भर में मातम में बदल गया। शादी की तैयारियों में जुटा परिवार अचानक इस दुखद समाचार से टूट गया। हादसे के बाद घर में सभी रस्में सादगीपूर्ण तरीके से निभाने का निर्णय लिया गया।थाना असोथर के एसओ धीरेंद्र ठाकुर ने बताया कि दुर्घटना के बाद ट्रैक्टर चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। परिजनों की तहरीर मिलने के बाद अज्ञात ट्रैक्टर चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
