मुख्य अतिथियों ने छात्रों के हुनर की करी प्रशंसा, प्राचार्य ने जनपद के कार्यकाल को किया याद_
फतेहपुर(वी.टी)। डॉ.बीआर अंबेडकर राजकीय महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय के छत्तीसवें वार्षिक क्रीड़ोत्सव का भव्य समापन समारोह आयोजित किया गया। प्राचार्य डॉ. गुलशन सक्सेना, सैयां खैरागढ़ आगरा कार्यक्रम की मुख्य अतिथि रहीं। विशिष्ट अतिथि प्राचार्य राजकीय महाविद्यालय बहुआ देहात डॉ.रामकुमार तथा प्राचार्य राजकीय महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय बिंदकी प्रो.सपना पाण्डेय उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय प्राचार्य डॉ. राजेश कुमार यादव ने की। सुश्री श्रीमती बीए तृतीय वर्ष को एथलेटिक्स चैम्पियन घोषित किया गया। इसके उपरान्त विभिन्न टीम गेम्स तथा एथलेटिक्स विजेता छात्राओं को मुख्य अतिथि ने पुरस्कार देकर उत्साहवर्धन किया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि प्रो.गुलशन सक्सेना ने कहा कि जिन छात्राओं ने विभिन्न प्रतियोगिताओं में विजय प्राप्त की है वे आगे भी अपना प्रयास जारी रखे।उन्होंने महाविद्यालय में की गयी तीस वर्ष की सेवा के स्वर्णिम पलों को याद किया। विशिष्ट अतिथि डॉ. रामकुमार ने छात्राओं के कौशल की प्रशंसा की साथ ही इतिहास में नारी शिक्षा में विशिष्ट योगदान देने वाली कई समाज सुधारक महिलाओं का जिक्र किया। प्रो.सपना पाण्डेय ने कहा कि महाविद्यालय की छात्राओं में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। छात्राओं का आवाह्न किया कि वे लक्ष्य को हमेशा नजर में रखें। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए महाविद्यालय प्राचार्य ने सभी विजेता छात्राओं को बधाई दी।कहा कि क्रीड़ा तथा ऐसी ही अन्य पाठ्य सहगामी गतिविधियाँ छात्राओं के सर्वांगीण विकास के लिए आवश्यक हैं। क्रीड़ा प्रभारी डॉ.शरद चन्द्र राय ने क्रीड़ा आख्या प्रस्तुत की। कार्यक्रम का संचालन करते हुये डॉ. चारू मिश्रा ने कहा कि वर्ष भर छात्राओं ने विभिन्न क्रीड़ा प्रतियोगिताओं में श्रेष्ठ प्रदर्शन किया है।जिसके लिये वे बधाई की पात्र है। इससे पूर्व उद्घाटन सत्र के मुख्य अतिथि डा.प्रेम शंकर मिश्र,पूर्व प्राचार्य गोस्वामी तुलसीदास स्नातकोत्तर महाविद्यालय कर्वी चित्रकूट रहे। डा.मिश्र ने खेलों के साथ-साथ सामाजिक समरसता का संदेश देते हुए कहा कि आज समाज में एकता और अखंडता के लिए युवा वर्ग की महती भूमिका है, जिसे निभाने का संकल्प सभी छात्राएं लें और एक बेहतर समाज के निर्माण में सहभागी बनें। इस अवसर पर समस्त महाविद्यालय परिवार उपस्थित रहा।
