फतेहपुर (वी.टी)। यूजीसी कानून के विरोध में फतेहपुर में सवर्ण समाज एकजुट हो गया। पटेल नगर चौराहे पर बड़ी संख्या में लोगों ने एकत्र होकर सरकार के खिलाफ जोरदार नारेबाजी करते हुए विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने खून से पत्र लिखकर अपना विरोध दर्ज कराया, जिसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम संबोधित किया गया।
प्रदर्शनकारियों ने यूजीसी कानून को “काला कानून” बताते हुए इसे तत्काल वापस लेने की मांग की। उनका कहना है कि इस कानून के लागू होने से सवर्ण समाज के बच्चों पर अत्याचार बढ़ेंगे और उनके भविष्य पर नकारात्मक प्रभाव पड़ेगा। उन्होंने केंद्र सरकार से जनभावनाओं का सम्मान करते हुए कानून को तुरंत निरस्त करने की मांग की। विरोध प्रदर्शन पूरी तरह शांतिपूर्ण रहा। एहतियात के तौर पर मौके पर पुलिस बल तैनात रहा और प्रशासन ने स्थिति पर नजर बनाए रखने की बात कही है।
