फतेहपुर (वी.टी)। सरकारी बैंकों में सप्ताह में पाँच दिन कार्य व्यवस्था लागू किए जाने की मांग को लेकर मंगलवार को बैंक कर्मचारियों ने देशव्यापी हड़ताल की। इसी क्रम में फतेहपुर शहर के नवाबाग स्थित बैंक ऑफ बड़ौदा (BOB) शाखा के बाहर सभी सरकारी बैंकों के कर्मचारियों ने एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन किया।
यह प्रदर्शन यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) के आह्वान पर किया गया। धरने पर बैठे कर्मचारियों ने बताया कि लगातार बढ़ते कार्यभार, अत्यधिक काम का दबाव और निजी जीवन के लिए समय न मिल पाने के कारण 5-डे बैंकिंग की मांग लंबे समय से लंबित है। कर्मचारियों का कहना है कि पाँच दिवसीय कार्य सप्ताह लागू होने से वर्क-लाइफ बैलेंस बेहतर होगा और मानसिक तनाव में कमी आएगी। कर्मचारियों की मांग है कि शनिवार और रविवार को अवकाश घोषित कर सप्ताह में केवल पाँच दिन ही बैंकिंग कार्य कराया जाए। हड़ताल के चलते जिले सहित पूरे देश में बैंकिंग सेवाएं प्रभावित रहीं जिससे ग्राहकों को नकद निकासी, जमा, चेक क्लियरेंस समेत अन्य जरूरी कार्यों में परेशानियों का सामना करना पड़ा। बैंक कर्मियों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों पर जल्द कोई सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

