एक सप्ताह में समस्याओं का समाधान न हुआ तो अधिकारियों के खिलाफ आंदोलन की चेतावनी
फतेहपुर (वंदना टाइम्स)। भारतीय किसान यूनियन महात्मा टिकैत की बैठक मंडा सराय बगिया में तहसील अध्यक्ष राहुल तोमर की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में किसानों की मौजूदा समस्याओं, खासकर डीएपी खाद की उपलब्धता और धान खरीद केंद्रों के संचालन को लेकर गंभीर चर्चा की गई। युवा जिलाध्यक्ष कल्लू सिंह मंडासरायं मुख्य रूप से मौजूद रहे।
बैठक को संबोधित करते हुए युवा जिलाध्यक्ष कल्लू सिंह मंडासरायं ने कहा कि किसान धान की फसल काटकर आलू की बुआई के लिए खेत तैयार कर रहे हैं, लेकिन समितियों में डीएपी खाद उपलब्ध नहीं है। किसान खाद लेने समितियों पर पहुंच रहे हैं, जहां उन्हें यह कहकर वापस किया जा रहा है कि अभी खाद की जरूरत नहीं है, इसलिए सरकार की ओर से खाद नहीं भेजी जा रही है। इससे किसानों के सामने अगली फसल की तैयारी को लेकर संकट खड़ा हो गया है।
उन्होंने कहा कि दूसरी ओर धान की कटाई शुरू हो चुकी है, लेकिन कई स्थानों पर अब तक खरीद केंद्र नहीं खोले गए हैं। ऐसे में किसान अगली फसल की बुआई के लिए मजबूरी में अपना मोटा धान खुले बाजार में 1600 से 1700 रुपये प्रति क्विंटल की दर पर बेच रहे हैं। किसानों को एक ओर खाद के लिए परेशान होना पड़ रहा है, वहीं दूसरी ओर धान की उचित खरीद व्यवस्था नहीं होने से आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।
कल्लू सिंह ने चेतावनी दी कि डीएपी खाद की उपलब्धता और धान खरीद केंद्रों की समस्या का एक सप्ताह के अंदर समाधान नहीं किया गया तो भारतीय किसान यूनियन महात्मा टिकैत आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी। उन्होंने कहा कि इस आंदोलन की जिम्मेदारी संबंधित अधिकारियों की होगी।
बैठक में युवा उपाध्यक्ष दुर्गेश कुमार पाण्डेय, मीडिया प्रभारी बुद्धराज सिंह, मुनीम जी, हंसवा ब्लॉक महासचिव अबरार अहमद, जिला संरक्षक राजू सिंह समेत बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।
