फतेहपुर (वंदना टाईम्स)। आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के कार्यकर्ताओं ने गुरुवार को विभिन्न मांगों को लेकर कलेक्ट्रेट परिसर में प्रदर्शन किया। जिलाध्यक्ष संजय कुमार वर्मा के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने एससी, एसटी, ओबीसी, महिलाओं तथा अन्य वंचित वर्गों के सामाजिक न्याय, समान अवसर और उचित प्रतिनिधित्व सहित 24 सूत्री मांगों को लेकर आवाज उठाई। प्रदर्शन के बाद जिलाध्यक्ष ने राष्ट्रपति को संबोधित 24 सूत्रीय मांग पत्र जिलाधिकारी को सौंपा। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने हाथों में विभिन्न मांगों से संबंधित तख्तियां ले रखी थीं। इनमें फीस बढ़ोतरी बंद करने, शिक्षा को सस्ता करने सहित अन्य मांगें प्रमुख रूप से शामिल थीं। जिलाध्यक्ष संजय कुमार वर्मा ने बताया कि पार्टी की ओर से संपूर्ण भागीदारी महाआंदोलन का आयोजन दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रस्तावित था, लेकिन वहां अनुमति नहीं मिलने के बाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं नगीना सांसद एडवोकेट चंद्रशेखर आजाद के आह्वान पर जिला मुख्यालयों पर प्रदर्शन किया जा रहा है। पार्टी पदाधिकारियों ने कहा कि ज्ञापन के माध्यम से एससी, एसटी, ओबीसी, महिलाओं और अन्य वंचित वर्गों से जुड़े सामाजिक न्याय, समान अवसर और प्रतिनिधित्व के मुद्दों को उठाया गया है। उन्होंने मांगों के शीघ्र समाधान की मांग की।
इस मौके पर मोहम्मद फरमान सिद्दीकी, अवधेश, कौशल, रामप्रताप भारती, विजय कुमार, शिव प्रकाश, डॉ. सीताराम प्रजापति, सत्येंद्र कुमार और प्रदीप गौतम समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।
