फतेहपुर (वंदना टाईम्स)। शहर को जाम मुक्त और सुव्यवस्थित करने के लिए प्रशासन ने अतिक्रमण के खिलाफ सख्त रुख अपना लिया है। एसडीएम सदर के आदेश पर नगर पालिका परिषद फतेहपुर ने शहर के मुख्य क्षेत्रों बस स्टैंड, शांतिनगर और जीटी रोड ज्वालागंज में अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया।
अभियान से पहले नगर पालिका की प्रचार गाड़ी ने पूरे क्षेत्र में लाउडस्पीकर से मुनादी कर दुकानदारों और ठेला-पटरी वालों को चेतावनी दी। मुनादी में कहा गया कि “सभी लोग दोनों पटरी से अपना-अपना सामान शीघ्र अपने हाथों से हटा लें, अन्यथा कुछ ही समय बाद अतिक्रमण हटाओ अभियान चलेगा। जो भी सामान पाया जाएगा, वह जब्त कर लिया जाएगा और आपके विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। अधिकारी आ चुके हैं, जेसीबी और गाड़ी पीछे आ रही है। मुनादी के दौरान बस स्टैंड चौराहे पर नगर पालिका कर्मी मौजूद रहे और लोगों को नाले के पार सामान करने की हिदायत दी। अभियान की सूचना से दुकानदारों में हड़कंप मच गया और कई लोगों ने स्वयं ही अपना सामान हटाना शुरू कर दिया। नगर पालिका अधिकारियों ने बताया कि यह अभियान लगातार जारी रहेगा ताकि शहर की सड़कों और फुटपाथ को अतिक्रमण मुक्त कराया जा सके।
