लाखों के जेवरात, नकदी, मोबाइल, चोरी के औजार और कार बरामद
फतेहपुर (वंदना टाइम्स)।कोतवाली पुलिस, सर्विलांस सेल और क्राइम डिटेक्शन टीम ने अंतरजनपदीय संगठित चोर गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से दो चोरी की घटनाओं से संबंधित लाखों रुपये कीमत के सोने-चांदी के जेवरात, 34,400 रुपये नकद, आठ एंड्रायड मोबाइल फोन, चोरी में प्रयुक्त औजार और वारदात में इस्तेमाल की गई KIA CARENS कार बरामद की है। पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने पुलिस टीम के सराहनीय कार्य के लिए 25 हजार रुपये के पुरस्कार की घोषणा की है।
पुलिस के अनुसार, पांच सितंबर को साईं बिहार कॉलोनी निवासी रजनी मिश्रा के घर में दिनदहाड़े ताला तोड़कर चोरी की गई थी। चोर घर से 15 हजार रुपये नकद समेत सोने-चांदी के जेवरात ले गए थे। इसके बाद 16 सितंबर को शेखपुर उनवा निवासी संतोष पटेल के घर में भी चोरी की वारदात हुई। चोरों ने घर का सामान खंगालने के बाद जेवरात पार कर दिए थे। दोनों मामलों में मुकदमा दर्ज कर पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी थी।
घटनाओं के खुलासे के लिए पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, सर्विलांस और मुखबिर तंत्र की मदद ली। जांच के दौरान मिले सुरागों के आधार पर पुलिस टीम ने 22 सितंबर को सात आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विकास नागर, अनमोल सिंह, जयशिव गुप्ता, विकास निषाद, राहुल गुप्ता, मिथुन सिंह और दीपक उर्फ अंशू के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक आरोपियों में छह कानपुर नगर और सीवान (बिहार) के रहने वाले हैं, जबकि एक आरोपी फतेहपुर के बिंदकी क्षेत्र का निवासी है।
आरोपियों के कब्जे से एक सोने की चेन, महाराजा हार, दो अंगूठियां, तीन जोड़ी झुमकीदार टॉप्स, एक जोड़ी झाला, पांच माला के गुरिया, सफेद धातु की 10 बिछिया, नगदार 10 बिछिया, गणेश-लक्ष्मी का सिक्का, ब्रेसलेट, टूटी अंगूठी समेत अन्य जेवरात बरामद किए गए। इसके अलावा आठ एंड्रायड मोबाइल फोन, तीन पाइप रिंच, प्लास, कटर, दो पेचकस और दो सब्बल भी पुलिस ने बरामद किए हैं। चोरी में प्रयुक्त KIA CARENS कार पुलिस ने सीज कर दिया है।
पुलिस के मुताबिक आरोपी चार पहिया वाहन से पॉश कॉलोनियों में घूमकर बंद मकानों की रेकी करते थे। मकान की निगरानी करने के बाद मौका मिलते ही ताला तोड़कर अंदर दाखिल होते और चोरी का सामान आपस में बांट लेते थे। कुछ जेवरात राह चलते लोगों को सस्ते दामों पर बेच दिए जाते थे। पुलिस से बचने के लिए आरोपियों ने कार पर राजनीतिक दल का स्टीकर भी लगा रखा था।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में गिरोह के सदस्यों ने फतेहपुर के अलावा मध्य प्रदेश में भी चोरी की वारदातों में शामिल होने की बात स्वीकार की है। गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ पूर्व में भी कई मुकदमे दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है। पुलिस अब आरोपियों के आपराधिक इतिहास और गिरोह से जुड़े अन्य लोगों के संबंध में भी जानकारी जुटा रही है।
एसपी अभिमन्यु मांगलिक ने बताया कि कोतवाली क्षेत्र में हुई चोरी की घटनाओं के खुलासे के लिए तीन पुलिस टीमों का गठन किया गया था। सीसीटीवी कैमरों और सर्विलांस की मदद से गिरोह के सात सदस्यों को गिरफ्तार किया गया है। उनके कब्जे से चोरी का शत-प्रतिशत माल बरामद किया गया है। सभी आरोपियों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक हेमंत कुमार मिश्रा, सुनील कुमार सिंह, उपनिरीक्षक प्रवीण यादव समेत कोतवाली पुलिस, सर्विलांस सेल और क्राइम डिटेक्शन टीम के पुलिसकर्मी शामिल रहे।
