पॉलिसी विवाद में दोनों पक्षों के बीच हुआ समझौता
गलतफहमी का मामला बताते हुए ग्राहकों की रकम वापस करने पर बनी सहमति
फतेहपुर (वंदना टाईम्स)। जिले में श्रीराम लाइफ इंश्योरेंस से जुड़ा पॉलिसी विवाद सामने आने के बाद कंपनी और पॉलिसी धारकों के बीच बातचीत के जरिए मामले को सुलझाने का प्रयास किया गया। कंपनी की शाखा प्रबंधक गुड़िया कुमारी सोनी पर ग्राहकों को पॉलिसी की पूरी जानकारी न देने और लुभावने ऑफर के माध्यम से पॉलिसी कराने के आरोप लगाए गए थे। मामले से संबंधित वीडियो वायरल होने के बाद दोनों पक्ष आमने-सामने आए और कंपनी कार्यालय में वार्ता हुई।
वार्ता एवं प्रेस कॉन्फ्रेंस के बाद दोनों पक्षों के बीच लिखित सुलहनामा किया गया। इसमें दोनों पक्षों की ओर से मामले को धोखाधड़ी का न मानते हुए पॉलिसी की शर्तों को समझने में हुई गलतफहमी का मामला बताया गया। समझौते के अनुसार संबंधित ग्राहकों द्वारा जमा की गई रकम वापस किए जाने पर सहमति बनी है।
कंपनी के लीगल एडवाइजर उत्कर्ष श्रीवास्तव ने बताया कि यह मामला आपसी गलतफहमी के कारण उत्पन्न हुआ था। वहीं शाखा प्रबंधक गुड़िया कुमारी सोनी ने बताया कि पॉलिसी धारकों की ओर से पॉलिसी रद्द कराने का अनुरोध किया गया था, जिस पर कंपनी स्तर से आवश्यक कार्रवाई की गई है।
पॉलिसी धारक शमशेर और अनुराग तिवारी की ओर से भी समझौते पर सहमति जताई गई। शाखा प्रबंधक के अनुसार शमशेर की जमा रकम 15 दिन के भीतर तथा अनुराग तिवारी की रकम सात दिन के भीतर वापस किए जाने की बात कही गई है। दोनों पक्षों के हस्ताक्षर एवं कंपनी की मोहर वाले समझौता पत्र में भी रकम वापसी का उल्लेख किया गया है।
