बाढ़ पर प्रशासन अलर्ट, डीएम-एसपी ने प्रभावित इलाकों का लिया जायजा

अभयपुर राहत शिविर में डीएम ने पीड़ितों से कहा- घबराइए नहीं, पूरा प्रशासन आपके साथ
फतेहपुर (वंदना टाइम्स)। यमुना नदी के बढ़े जलस्तर से जनपद के बाढ़ प्रभावित इलाकों में मची अफरा-तफरी के बीच जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में नजर आया। जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स और पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने सोमवार को बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण कर हालात का जायजा लिया। अधिकारियों ने बड़ाहार, सदनापुर और बिंदकी फार्म के जलमग्न क्षेत्रों में पहुंचकर बाढ़ की स्थिति, आवागमन के रास्तों और सुरक्षा व्यवस्था को परखा।
निरीक्षण के दौरान डीएम और एसपी ने प्रभावित लोगों तक पहुंच रही राहत एवं बचाव सहायता की भी जानकारी ली। इसके बाद अधिकारियों का काफिला अभयपुर स्थित बाढ़ राहत शिविर पहुंचा। यहां डीएम ने राहत एवं बचाव कार्यों की समीक्षा की और शिविर में रह रहे बाढ़ पीड़ित परिवारों के बीच बैठकर उनकी समस्याएं सुनीं।
जिलाधिकारी ने महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों से बातचीत कर जानकारी ली कि उन्हें समय से भोजन, पेयजल और दवाइयां मिल रही हैं या नहीं। पीड़ितों ने अपनी समस्याएं अधिकारियों के सामने रखीं। इस पर डीएम ने संबंधित अधिकारियों को मौके पर ही आवश्यक निर्देश देते हुए कहा कि राहत सामग्री और जरूरी सुविधाओं की उपलब्धता में किसी प्रकार की लापरवाही या देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने पीड़ितों को भरोसा दिलाया कि प्रशासन पूरी तरह उनके साथ है और किसी को घबराने की जरूरत नहीं है।
इस दौरान जहानाबाद विधायक राजेंद्र सिंह पटेल भी मौजूद रहे। उन्होंने अधिकारियों के साथ राहत शिविर की व्यवस्थाओं का जायजा लिया और बाढ़ पीड़ितों से बातचीत की।
वहीं पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने पुलिस अधिकारियों को बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में कानून-व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने अफवाह फैलाने वालों पर नजर रखने तथा खाली पड़े मकानों की सुरक्षा सुनिश्चित करने को कहा। प्रशासन और पुलिस अधिकारियों की सक्रियता से बाढ़ प्रभावित लोगों में सुरक्षा और मदद को लेकर भरोसा बढ़ा।

More From Author

तालाब में मिला तीन दिन से लापता युवक का शव

15 हजार रुपये मजदूरी मांगने पर जान से मारने की धमकी, गौकशी में फंसाने का आरोप

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *