जीजा की मौत के बाद सामने आया नया राज, साले का शव नहर में मिला

ससुरालीजनों पर बांके से हमला करने वाले जीजा के बाद साले का शव नहर में मिला
तीन सितंबर को जीजा ने सो रहे साले, सरहज व तीन भतीजों पर किया था बांके से हमला, परिजनों ने पीट-पीटकर उतारा था मौत के घाट
फतेहपुर (वंदना टाईम्स)। औंग थाना क्षेत्र के बीकमपुर गांव में ससुरालीजनों पर बांके से हमला कर कई लोगों को घायल करने के मामले में अब एक और सनसनीखेज मोड़ सामने आया है। वारदात से पूर्व आरोपी जीजा अपने साले को घर से अपने साथ ले गया था। इसके बाद से लापता साले का शव कल्याणपुर थाना क्षेत्र के मुरादीपुर नहर से बरामद हुआ है। मामले में मृतक जीजा द्वारा ही साले की हत्या कर शव नहर में फेंके जाने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस पूरे मामले की जांच-पड़ताल में जुटी है।
बताया जाता है कि तीन सितंबर को बीकमपुर गांव में एक युवक ने घर में सो रहे अपने साले, सरहज तथा तीन भतीजों पर बांके से हमला कर दिया था। अचानक हुए हमले से परिवार में चीख-पुकार मच गई और कई लोग घायल हो गए। घटना के बाद आक्रोशित परिजनों ने आरोपी जीजा को पकड़ लिया और उसकी जमकर पिटाई कर दी, जिससे उसकी मौत हो गई थी।
इसी बीच अब वारदात से पहले आरोपी जीजा के साथ घर से गए साले का शव कल्याणपुर थाना क्षेत्र के मुरादीपुर नहर में मिलने से मामला और पेचीदा हो गया है। शव मिलने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। परिजनों की ओर से मृतक जीजा पर ही साले की हत्या कर शव नहर में फेंकने की आशंका जताई जा रही है।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस घटना की सभी कड़ियों को जोड़ने में जुटी है।

More From Author

ट्रेन में चोरी हुआ बैग, जीआरपी ने आउटर से किया बरामद

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *