ट्रेन में चोरी हुआ बैग, जीआरपी ने आउटर से किया बरामद

तीन लाख 20 हजार रुपये समेत जरूरी कागजात सुरक्षित मिले, बैग पाकर पीड़ित ने जताया आभार

फतेहपुर (वंदना टाइम्स)। बेटी की शादी के लिए जुटाई गई तीन लाख 20 हजार रुपये की नकदी लेकर प्रयागराज से कानपुर जा रहे एक पिता का बैग इंटरसिटी एक्सप्रेस ट्रेन से चोरी हो गया। घटना की सूचना मिलते ही फतेहपुर जीआरपी सक्रिय हुई और कुछ ही समय में चोरी गया बैग फतेहपुर आउटर के पास से बरामद कर लिया। बैग में रखी पूरी नकदी और जरूरी कागजात सुरक्षित मिलने पर पीड़ित परिवार ने राहत की सांस ली।
जानकारी के अनुसार, महमूद आलम अपनी बेटी की शादी की तैयारियों के लिए तीन लाख 20 हजार रुपये लेकर प्रयागराज से कानपुर जा रहे थे। नवंबर में उनकी बेटी की शादी होनी है। इसी दौरान इंटरसिटी एक्सप्रेस में सफर करते समय उनका बैग चोरी हो गया। बैग गायब होने की जानकारी मिलते ही उन्होंने इसकी सूचना जीआरपी को दी।
मामले की जानकारी मिलते ही फतेहपुर जीआरपी ने तत्काल जांच शुरू कर दी। पुलिस टीम ने ट्रेन के आने-जाने के स्थानों और आसपास के क्षेत्रों में तलाश शुरू की। इसी दौरान जीआरपी टीम को फतेहपुर आउटर के पास चोरी हुए बैग के बारे में सुराग मिला और बैग बरामद कर लिया गया।
पुलिस ने बैग की तलाशी ली तो उसमें रखी पूरी तीन लाख 20 हजार रुपये की नकदी के साथ महत्वपूर्ण कागजात भी सुरक्षित मिले। आवश्यक कार्रवाई पूरी करने के बाद जीआरपी ने बैग और उसमें रखा सामान पीड़ित महमूद आलम को सौंप दिया।
जीआरपी सीओ शेषमणि उपाध्याय ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम को बैग की बरामदगी के लिए लगाया गया था। टीम ने तत्परता दिखाते हुए चोरी गया बैग बरामद कर लिया। बैग में रखी नकदी और जरूरी कागजात भी सुरक्षित मिले हैं।
बेटी की शादी के लिए रखी रकम और जरूरी दस्तावेज वापस मिलने पर महमूद आलम ने जीआरपी एसएचओ विनोद यादव समेत पूरी पुलिस टीम का आभार जताया। जीआरपी की त्वरित कार्रवाई से पीड़ित परिवार को बड़ी राहत मिली है।

More From Author

नगर पंचायत अध्यक्ष ने निरीक्षण कर जलभराव व सफाई समस्या का कराया समाधान

जीजा की मौत के बाद सामने आया नया राज, साले का शव नहर में मिला

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *