अकीदत और अदब के साथ निकला जुलूस-ए-मोहम्मदी, गूंजे नारे-ए-रिसालत

फतेहपुर (वंदना टाइम्स)। ईद मिलादुन्नबी के मुबारक मौके पर बुधवार को शहर में जुलूस-ए-मोहम्मदी अकीदत, अदब और एहतराम के साथ निकाला गया। जुलूस में बड़ी संख्या में अकीदतमंद शामिल हुए। हाथों में इस्लामिक परचम लिए लोग नात-ए-पाक और नारे-ए-रिसालत बुलंद करते हुए आगे बढ़े। पूरे मार्ग पर ईद मिलादुन्नबी की रौनक दिखाई दी।
बारावफात के जुलूस को लेकर पुलिस-प्रशासन की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। जुलूस बाकरगंज पुलिस चौकी से शुरू होकर खेलदार, पीलू तले, चौक, पीरनपुर और ज्वालागंज होते हुए वापस बाकरगंज पहुंचा। करीब एक किलोमीटर लंबे निर्धारित मार्ग पर पुलिस बल तैनात रहा।
एडीएम विनय पांडेय और एएसपी सत्य प्रकाश राय ने सुरक्षा व्यवस्था की कमान संभाली। जुलूस की निगरानी के लिए दो डीएसपी समेत करीब 100 पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई थी। संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल लगाया गया, जबकि भीड़ नियंत्रण और यातायात व्यवस्था के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें मुस्तैद रहीं। जुलूस मार्ग और आसपास के इलाकों में ड्रोन कैमरों से भी निगरानी की गई।
जुलूस में रास्ते भर रसूल या रसूल”, “नारा-ए-तकबीर, अल्लाहु अकबर” और “नारा-ए-रिसालत, या रसूल अल्लाह” के नारे गूंजते रहे। अकीदतमंदों ने मुल्क में अमन, खुशहाली और भाईचारे के लिए दुआ की। बच्चों और अन्य अकीदतमंदों में खासा उत्साह देखने को मिला।
जुलूस के रास्ते में जगह-जगह लोगों ने अकीदतमंदों का इस्तकबाल किया। कई स्थानों पर जुलूस पर गुलाब और फूलों की बारिश की गई। अकीदतमंदों के लिए विभिन्न स्थानों पर स्टॉल लगाकर लंगर और पानी का भी इंतजाम किया गया।
प्रशासन ने जुलूस के दौरान निर्धारित मार्ग का पालन करने तथा शांति और सौहार्द के साथ पर्व मनाने की अपील की। अधिकारियों ने लोगों से सुरक्षा व्यवस्था में सहयोग करने और किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान नहीं देने को कहा। पुलिस की मुस्तैदी और आयोजकों के सहयोग से जुलूस शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ।

More From Author

एमएलसी चुनाव में डॉ. मनीष गुप्ता पर निजी विद्यालयों ने जताया भरोसा

इकलौते चिराग की मौत ने फतेहपुर को झकझोरा, आखिर तेजस का कसूर क्या था?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *