फतेहपुर (वंदना टाईम्स)। बुंदेलखंड अनऐडेड स्कूल एसोसिएशन ने आगामी शिक्षक/स्नातक एमएलसी चुनाव को लेकर बड़ा ऐलान करते हुए संत तुलसी पब्लिक स्कूल के प्रबंधक एवं एसोसिएशन के सचिव डॉ. मनीष गुप्ता को सर्वसम्मति से प्रत्याशी नामित किया है। संगठन का कहना है कि विधान परिषद में क्षेत्र का प्रतिनिधित्व मिलने से निजी विद्यालयों, प्रबंधकों और शिक्षकों से जुड़े मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाया जा सकेगा।
पक्का तालाब स्थित आरएस एक्सेल इंग्लिश एकेडमी में बुधवार को आयोजित प्रेस वार्ता में विभिन्न निजी विद्यालयों के प्रबंधकों एवं संगठन के पदाधिकारियों ने भाग लिया। इस दौरान डॉ. मनीष गुप्ता को आगामी शिक्षक/स्नातक एमएलसी चुनाव के लिए संगठन का प्रत्याशी घोषित किया गया।एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने बताया कि संगठन पिछले दस वर्षों से अधिक समय से निजी विद्यालयों, शिक्षकों और विद्यार्थियों से जुड़े मुद्दों को शासन-प्रशासन के समक्ष उठाता रहा है।निजी विद्यालयों के समक्ष मान्यता, शुल्क, संचालन, शिक्षक संबंधी विषय, परिवहन तथा प्रशासनिक नियमों से जुड़ी कई चुनौतियां हैं। इन समस्याओं को विधान परिषद तक मजबूती से पहुंचाने के लिए क्षेत्रीय प्रतिनिधित्व जरूरी है। प्रेस वार्ता में तुलसी फ्लावर स्कूल के जुगल किशोर सोनी, आरएस एक्सेल इंग्लिश एकेडमी के धर्मेंद्र श्रीवास्तव समेत कई विद्यालय प्रबंधक मौजूद रहे। एसोसिएशन ने बुंदेलखंड क्षेत्र के निजी विद्यालयों, प्रबंधकों एवं शिक्षकों से अभियान में सहयोग की अपील की।पदाधिकारियों के अनुसार आने वाले दिनों में बुंदेलखंड के विभिन्न जनपदों में संपर्क अभियान चलाकर चुनावी रणनीति को विस्तार दिया जाएगा। संगठन ने स्पष्ट किया कि प्रत्याशी उतारने का उद्देश्य व्यक्तिगत राजनीति नहीं, बल्कि शिक्षा क्षेत्र से जुड़े मुद्दों को एकजुट होकर विधान परिषद तक पहुंचाना है।
