फतेहपुर (वंदना टाईम्स)। संगठन सृजन अभियान के तहत कांग्रेस के पर्यवेक्षकों ने जिले के विभिन्न ब्लॉकों का दौरा कर संगठन की जमीनी स्थिति का जायजा लिया। अब तक 12 ब्लॉकों में पहुंच चुके पर्यवेक्षकों ने पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से अलग-अलग बातचीत कर संगठन की स्थिति की जानकारी ली।
राष्ट्रीय सचिव बीरेंद्र राठौर जिला एवं शहर कांग्रेस कमेटी के कार्यों का आकलन कर रहे हैं। वहीं फ्रंटल संगठनों के निर्माण के लिए जिले में प्रवास कर रहे प्रभारी अवनीश सलूजा ने पदाधिकारियों से बातचीत कर संगठन की सक्रियता की समीक्षा की।
अवनीश सलूजा ने कहा कि जो संगठन या पदाधिकारी निष्क्रिय पाए जा रहे हैं, उन्हें हटाकर नए पदाधिकारियों की नियुक्ति की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। उन्होंने कहा कि पार्टी नेतृत्व के निर्देश हैं कि दागी छवि वाले लोगों को संगठन में स्थान न दिया जाए। कांग्रेस एक सैद्धांतिक पार्टी है और संगठन में निष्ठावान एवं सक्रिय कार्यकर्ताओं को प्राथमिकता दी जाएगी।
जिला अध्यक्ष महेश द्विवेदी और शहर अध्यक्ष आरिफ गुड्डा ने संयुक्त रूप से कहा कि निष्क्रिय पदाधिकारियों को हटाकर मेहनती और निष्ठावान युवाओं को जिम्मेदारी दी जाएगी। आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने पर जोर दिया जा रहा है।
संगठन सृजन अभियान में पार्टी उपाध्यक्ष कलीम उल्ला सिद्दीकी, अरुण जायसवाल और पार्टी प्रवक्ता ई. देवी प्रकाश दुबे समेत अन्य पदाधिकारी पर्यवेक्षकों को सहयोग कर रहे हैं।
