सीएमओ कार्यालय पर एनएचएम संविदा कर्मियों का प्रदर्शन, आठ सूत्रीय मांगों को लेकर सौंपा ज्ञापन

फतेहपुर (वंदना टाईम्स। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के संविदा कर्मचारियों ने मंगलवार को अपनी विभिन्न मांगों को लेकर मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय पर प्रदर्शन किया। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन संविदा कर्मचारी संघ के बैनर तले बड़ी संख्या में कर्मचारियों ने नारेबाजी करते हुए आठ सूत्रीय मांगों को लेकर सीएमओ को सामूहिक ज्ञापन सौंपा।
प्रदर्शन का नेतृत्व संघ के संरक्षक डॉ. के.के. पांडेय और जिलाध्यक्ष डॉ. प्रदीप कुमार सिंह पटेल ने किया। कर्मचारियों ने आरोप लगाया कि उन्हें सुबह 10 बजे से पहले ही अनुपस्थित कर दिया जाता है। इसके अलावा निरीक्षण के नाम पर एकतरफा कार्रवाई और मानसिक दबाव बनाए जाने का भी आरोप लगाया।
जिलाध्यक्ष डॉ. प्रदीप कुमार पटेल ने कहा कि कर्मचारियों की प्रमुख मांग समय से मानदेय भुगतान की है। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों के साथ किसी भी प्रकार का शोषण बंद किया जाना चाहिए। उनके मुताबिक प्रबंधन की ओर से आठों मांगों पर कार्रवाई का आश्वासन दिया गया है।
ज्ञापन में स्थानांतरण निरस्त करने, समय से मानदेय भुगतान, मानसिक दबाव पर रोक, निरीक्षण के दौरान एकतरफा कार्रवाई बंद करने, मृतक कर्मी के आश्रित को लंबित बीमा राशि दिलाने तथा मासिक शिकायत निवारण समिति की बैठक नियमित कराने समेत आठ मांगें शामिल हैं।
वहीं मामले में सीएमओ डॉ. यू.बी. सिंह ने कर्मचारियों के शोषण के आरोपों को खारिज किया। उन्होंने कहा कि उच्च अधिकारियों के निर्देश पर संविदा कर्मचारियों का मानदेय रक्षाबंधन से पहले भुगतान करने की प्रक्रिया 20 अगस्त से शुरू कर दी जाएगी।
सीएमओ ने कहा कि निरीक्षण के दौरान कई बार सीएचसी-पीएचसी में कर्मचारियों के समय से नहीं पहुंचने और शाम चार बजे से पहले अस्पताल से चले जाने की शिकायतें सामने आती हैं। उन्होंने कहा कि निरीक्षण में सामने आने वाली अनियमितताओं पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। साथ ही कर्मचारियों की अन्य मांगों पर भी नियमों के अनुसार विचार किया जाएगा।

More From Author

यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई के निर्देशडीएम,एसपी ने सड़क सुरक्षा की बैठक में यातायात नियमों को लेकर अभियान चलाने को कहा

निष्क्रिय पदाधिकारियों को हटाकर नए चेहरों से मजबूत होगा कांग्रेस संगठन; अवनीश सलूजा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *