आलू किसानों का फूटा गुस्सा, टोल जाम की चेतावनी

फतेहपुर (वंदना टाइम्स)। आलू किसानों की समस्याओं को लेकर सरदार सेना और जनहित संकल्प पार्टी ने मंगलवार को संयुक्त रूप से प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में किसान और कार्यकर्ता आलू की माला पहनकर जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे और राष्ट्रपति व राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन प्रशासनिक अधिकारियों को सौंपा।
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि आलू का भाव महज तीन से चार रुपये प्रति किलो रह गया है, जबकि बाजार में यही आलू करीब 20 रुपये किलो बिक रहा है। किसानों का कहना था कि मौजूदा कीमत में उनकी लागत तक नहीं निकल पा रही है। कई किसानों की हजारों बोरी आलू अभी भी कोल्ड स्टोरेज में रखी है। आलू निकालने पर भी लागत वसूल नहीं हो पा रही है।
किसानों ने आलू पर न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) लागू करने, सरकारी खरीद शुरू कराने, कोल्ड स्टोरेज का पारदर्शी किराया निर्धारित करने और फसल खराब होने पर उचित मुआवजा देने की मांग की। इसके अलावा खाद, बीज, सिंचाई और बिजली से जुड़ी समस्याओं के समाधान की भी मांग उठाई गई। जनहित संकल्प पार्टी के जिलाध्यक्ष मुकेश पटेल के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा। वरिष्ठ नेता वीरेंद्र सिंह समेत शिवाकांत, मनोज पटेल, अभिषेक कुमार, राजाराम, जय सिंह, राजू, नीरज पटेल, संदीप और श्याम सुंदर बिंदेश सहित बड़ी संख्या में किसान व कार्यकर्ता मौजूद रहे। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि मांगें पूरी नहीं हुईं तो टोल जाम कर आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

More From Author

उचित दर विक्रेताओं का लाभांश बढ़ा, अब मिलेंगे ₹125 प्रति कुंतल

मानकों के विपरीत संचालित दृष्टि आई केयर सील

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *