सवाल तो पूछेंगे❓
👉सीएमओ की कार्यशैली से नाराज चिकित्सकों ने खोला मोर्चा, सामूहिक इस्तीफे की चेतावनी!!
फतेहपुर (वंदना टाईम्स)। जनपद की स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े होने लगे हैं। स्वास्थ्य विभाग के मुखिया मुख्य चिकित्सा अधिकारी की कथित कार्यशैली से नाराज चिकित्सकों ने अब उनके खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। चिकित्सकों का आरोप है कि उन्हें अनावश्यक रूप से परेशान किया जा रहा है और विभागीय कार्रवाई का दबाव बनाया जा रहा है। हालात नहीं सुधरे तो चिकित्सकों द्वारा सामूहिक इस्तीफा दिए जाने की चेतावनी भी सामने आई है।
बताया जाता है कि इसी सप्ताह जनपद के कई चिकित्सक एकजुट होकर मुख्य चिकित्सा अधिकारी से मिलने पहुंचे। चिकित्सकों ने अपनी समस्याएं रखते हुए आरोप लगाया कि उन्हें आए दिन विभागीय स्तर पर परेशान किया जाता है। कई मामलों में कार्रवाई की धमकी दिए जाने और वेतन काटने की बात कहे जाने से चिकित्सकों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। उनका कहना है कि लगातार दबाव के बीच चिकित्सकीय कार्य करना मुश्किल हो रहा है।
चिकित्सकों का कहना है कि यदि मुख्य चिकित्सा अधिकारी अपनी कार्यशैली में बदलाव नहीं करते हैं तो स्थिति सामूहिक इस्तीफे तक पहुंच सकती है। ऐसे में पहले से ही चुनौतियों से जूझ रही जिले की स्वास्थ्य व्यवस्था पर इसका सीधा असर पड़ने की आशंका है।
वहीं, मुख्य चिकित्सा अधिकारी की कार्यशैली को लेकर चिकित्सकों और स्वास्थ्य विभाग से जुड़े लोगों में असंतोष की चर्चा भी तेज हो गई है। हालांकि भ्रष्टाचार और अन्य गंभीर आरोपों के संबंध में संबंधित पक्ष का आधिकारिक पक्ष सामने आना अभी बाकी है। ऐसे आरोपों की निष्पक्ष जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
अब बड़ा सवाल यह है कि जब जिले के स्वास्थ्य विभाग में कार्यरत चिकित्सक ही अपने विभागीय मुखिया की कार्यशैली को लेकर नाराजगी जता रहे हैं, तो उच्चाधिकारियों की ओर से इस मामले में क्या कदम उठाया जाता है यह देखना होगा। चिकित्सकों की नाराजगी यदि जल्द दूर नहीं हुई तो इसका असर सीधे स्वास्थ्य सेवाओं पर पड़ सकता है।
✍️नागेंद्र सिंह अध्यक्ष फतेहपुर प्रेस क्लब
