पानी के टब में मिला शिक्षिका का शव, पति पर हत्या का आरोप

सिर और पैर पर चोट के निशान मिलने से हत्या की आशंका, पति हिरासत में

फतेहपुर (वंदना टाईम्स)। सदर कोतवाली क्षेत्र के नासेपीर मोहल्ले में शनिवार को एक प्राइवेट शिक्षिका की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से हड़कंप मच गया। 28 वर्षीय शालिनी यादव का शव घर के अंदर पानी के टब में मिला। शरीर पर सिर और पैर में चोट के निशान मिलने के बाद पुलिस प्रथम दृष्टया मामले को हत्या मानकर जांच कर रही है। मृतका के मायके पक्ष ने उसके पति पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने पति को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक, सरकारी शिक्षक दिलीप यादव पिछले करीब छह माह से अपनी पत्नी शालिनी और आठ वर्षीय बेटे के साथ नासेपीर मोहल्ले में किराए के मकान में रह रहे थे। शालिनी एक निजी स्कूल में शिक्षिका थीं। दोनों का विवाह वर्ष 2018 में हुआ था।
शनिवार सुबह करीब साढ़े नौ बजे पुलिस को शालिनी की मौत की सूचना मिली। पति के मुताबिक, वह सुबह करीब साढ़े पांच बजे टहलने के लिए घर से निकला था। करीब साढ़े छह बजे वापस लौटने पर शालिनी पानी के टब में मुंह के बल पड़ी मिली। इसके बाद वह उसे अस्पताल लेकर पहुंचा, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की तो शालिनी के सिर और पैर पर चोट के निशान मिले। इसके बाद पुलिस ने पानी में डूबने की बात पर सवाल उठाते हुए हत्या समेत अन्य सभी पहलुओं से जांच शुरू कर दी। सीओ सिटी प्रमोद कुमार शुक्ला और फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए।
पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने बताया कि महिला का शव पानी के टब में मिला है। मृतका के मायके पक्ष की ओर से पति पर आरोप लगाए गए हैं। घटनास्थल के निरीक्षण के दौरान शरीर पर चोट के निशान पाए गए हैं। घटना किन परिस्थितियों में हुई, इसकी गहनता से जांच की जा रही है। मृतका के पति को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

More From Author

गंगा स्नान के दौरान 18 वर्षीय युवक डूबा, तलाश जारी

पैरोल पर प्रयागराज रवाना हुआ अली अहमद, कड़ी सुरक्षा में फतेहपुर से गुजरा काफिला

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *