फतेहपुर (वंदना टाईम्स)। हुसैनगंज थाना क्षेत्र में गंगा नदी में स्नान के दौरान 18 वर्षीय युवक गहरे पानी में डूब गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और गोताखोरों की मदद से युवक की तलाश शुरू कर दी, लेकिन समाचार लिखे जाने तक उसका कोई पता नहीं चल सका।
जानकारी के अनुसार, थरियांव थाना क्षेत्र के नेवादा गांव निवासी रवि कुमार (18) पुत्र ओमप्रकाश अपने नाना के घर खुसरूपुर गांव आया हुआ था। गुरुवार को वह अपनी मौसी के साथ गंगा नदी में स्नान करने गया था। स्नान के दौरान वह अचानक गहरे पानी में चला गया और तेज बहाव की चपेट में आकर डूब गया।
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और पुलिस को सूचना दी। इसके बाद हुसैनगंज थाना पुलिस व भिटौरा चौकी पुलिस ने गोताखोरों की सहायता से रेस्क्यू अभियान शुरू कराया। देर शाम तक युवक की तलाश जारी रही। घटना से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
