दो दिनों की बारिश में 72 कच्चे मकान ढहे, मलबे में दबकर मासूम की मौत

खागा के गोपालापुर में हादसा, 11 वर्षीय भाई गंभीर रूप से घायल, कई गांवों में मकान गिरने से गृहस्थी का सामान दबा

फतेहपुर (वंदना टाईम्स)। जिले में पिछले दो दिनों से लगातार हो रही बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। लगातार बारिश के चलते खागा और सदर तहसील क्षेत्र में कच्चे मकानों के गिरने का सिलसिला जारी है। अलग-अलग गांवों में करीब 72 मकान बारिश की वजह से गिर गए। खागा क्षेत्र के गोपालापुर गांव में भोर करीब पांच बजे कच्चा मकान भरभराकर गिरने से मलबे में दबकर आठ वर्षीय आनंद सिंह की मौत हो गई, जबकि उसका 11 वर्षीय भाई गुड्डू गंभीर रूप से घायल हो गया। बताया गया कि बारिश के कारण मकान पहले से कमजोर हो गया था। हादसे के समय परिवार के सदस्य घर के अंदर थे। मकान गिरने की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और मलबा हटाकर दोनों भाइयों को बाहर निकाला। आनंद की मौत हो चुकी थी, जबकि गुड्डू को गंभीर हालत में उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। इसके अलावा हथगांव थाना क्षेत्र के भानूपुर गांव में भी कच्चा मकान बारिश के चलते ढह गया। मकान गिरने से गृहस्थी का सामान मलबे में दब गया। मलूकबारी गांव में रंजीत सिंह का कच्चा मकान भी बारिश की भेंट चढ़ गया। जयपुर ब्लॉक के गाजीपुर गांव में चुन्नीलाल का मकान ढह गया। वहीं असोथर क्षेत्र के मैकुवापुर में मानसिंह निषाद का कच्चा घर बारिश के कारण गिर गया। हुसैनगंज क्षेत्र के बड़े गांव में विकास कुमार का मकान भी भरभराकर गिर पड़ा। गाजीपुर के शाह गांव में राज सिंह गौर का मकान गिरने से गृहस्थी का सामान मलबे में दब गया। हादसे के दौरान दंपती बाल-बाल बच गए। लगातार बारिश और कच्चे मकानों के गिरने से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। कई परिवारों के सामने रहने और गृहस्थी का सामान सुरक्षित रखने की समस्या खड़ी हो गई है। ग्रामीणों ने प्रशासन से क्षतिग्रस्त मकानों का सर्वे कराकर पीड़ित परिवारों को आर्थिक सहायता और सुरक्षित आवास उपलब्ध कराने की मांग की है। प्रशासन की ओर से प्रभावित क्षेत्रों में क्षति का आकलन कराया जा रहा है।

More From Author

नव विवाहिता की हत्या करने में पति को आजीवन कारावास

पट्टीशाह हत्याकांड में उम्रकैद की सजा काट रहे कैदी की मौत

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *