चौडगरा(वंदना टाईम्स)। कल्याणपुर थाना क्षेत्र के मौहार गांव के पास चोरों ने 33 केवी विद्युत लाइन के 12 खंभों से करीब चार लाख रुपये कीमत का एल्यूमीनियम विद्युत तार काटकर पार कर दिया। घटना की जानकारी सोमवार सुबह विद्युत विभाग के अधिकारियों को हुई। विभाग की ओर से मामले की सूचना पुलिस को दी गई है।
अवर अभियंता सुंदरम सिंह यादव ने बताया कि मलवां से बिंदकी रोड द्वितीय उपकेंद्र को जाने वाली 33 केवी विद्युत लाइन लंबे समय से ब्रेकडाउन में है। आपूर्ति बंद होने के कारण यह स्पष्ट नहीं हो पा रहा है कि तार की कटिंग पिछले माह हुई है या बीती रात चोरों ने इसे काटकर चोरी किया है।
उन्होंने बताया कि पिछले माह भी इसी लाइन के 13 विद्युत पोल तथा 11 केवी लाइन के 17 पोल समेत कुल 30 खंभों से करीब 10 लाख रुपये कीमत का एल्यूमीनियम तार चोरी हुआ था। पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए आरोपितों को गिरफ्तार कर जेल भेजा था।
मौहार गांव के पास 12 खंभों से तार चोरी होने की जानकारी मिलने के बाद जूनियर इंजीनियर सुंदरम यादव ने कल्याणपुर थाना प्रभारी तुषार श्रीवास्तव को लिखित सूचना देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
