700 किलो तार के साथ तीन गिरफ्तार


निर्माणाधीन विद्युत लाइनों को बनाते थे निशाना, ठेकेदारी की आड़ में चोरी का खुलासा

फतेहपुर (वंदना टाईम्स)। थाना कल्याणपुर पुलिस ने निर्माणाधीन विद्युत लाइनों से तार चोरी करने वाले गिरोह का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से महिंद्रा पिकअप में लदा करीब 700 किलोग्राम एल्युमीनियम विद्युत तार, दो कार, तार काटने वाले कटर, पोल पर चढ़ने वाली लोहे की चप्पल, मोबाइल फोन और नकदी बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, 13 सितंबर की रात ग्राम गंगौली के बाहर निर्माणाधीन 11 केवी लाइन तथा महरहा-बिंदकी मार्ग से जुड़ी 33 केवी लाइन के तार अज्ञात चोरों ने काटकर चोरी कर लिए थे। चोरों ने 17 पोल की 11 केवी लाइन और 13 पोल की 33 केवी लाइन के तार काटे थे। इस दौरान तीन पोल भी क्षतिग्रस्त किए गए थे। घटना से विद्युत विभाग की करीब 960 मीटर लंबी 33 केवी लाइन में लगे 2800 मीटर डॉग कंडक्टर तथा एक किलोमीटर लंबी 11 केवी लाइन में लगे करीब 3300 मीटर तार प्रभावित हुए थे। अवर अभियंता विद्युत उपकेंद्र बिंदकी रोड द्वितीय सुंदरम सिंह यादव की तहरीर पर कल्याणपुर थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था।
पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक के निर्देशन में चलाए जा रहे अपराध विरोधी अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन और क्षेत्राधिकारी बिंदकी के पर्यवेक्षण में कल्याणपुर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों में सुनीत कुमार धानुक निवासी शक्तिनगर शुक्लागंज, थाना गंगाघाट, उन्नाव, शिवांशू गुप्ता उर्फ लकी गुप्ता निवासी पौनी रोड, थाना शुक्लागंज, उन्नाव तथा राजेश पटेल निवासी ग्राम बहाहा, थाना बीघापुर, उन्नाव शामिल हैं। पुलिस ने आरोपियों के पास से चोरी का करीब 700 किलो तार, स्विफ्ट और अल्टो कार, दो तार काटने वाले कटर, पोल पर चढ़ने वाली एक जोड़ी लोहे की चप्पल, तीन एंड्रॉयड मोबाइल, एक की-पैड मोबाइल तथा 1140 रुपये नकद बरामद किए हैं। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई है।
ठेकेदारी की आड़ में करता था रेकी, पुलिस की पूछताछ में सामने आया कि गिरफ्तार आरोपी राजेश पटेल प्राइवेट विद्युत ठेकेदारी का काम करता है। उसे विद्युत लाइनों, ग्रिड शटडाउन और तारों की तकनीकी जानकारी थी। पुलिस के मुताबिक वह पहले सुनसान स्थानों पर लगी विद्युत लाइनों की रेकी करता और आने-जाने के सुरक्षित रास्तों की जानकारी जुटाता था। इसके बाद ठेकेदारी की आड़ में निजी मजदूरों को लाइन उतारने का काम बताकर अपने साथ ले जाता और उनसे पोल पर चढ़वाकर तार कटवाता था। चोरी किए गए तारों को कबाड़ियों के हाथ बेचकर मुनाफा कमाया जाता था। पुलिस के अनुसार अन्य आरोपियों ने भी सुनसान इलाकों में रात के समय विद्युत तार चोरी करने की बात स्वीकार की है।
पुलिस ने तीनों आरोपियों को आवश्यक कार्रवाई के बाद न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत कर दिया।

More From Author

जिला अस्पताल परिसर से कंप्यूटर ऑपरेटर की बाइक चोरी

तेरहवीं संस्कार में पहुंचे पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, दिवंगत दंपती को दी श्रद्धांजलि

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *