हमलावरों में छुट्टी पर गांव आया मुख्य आरक्षी भी शामिल, मुकदमा दर्ज की तैयारी
फतेहपुर(वी.टी)। बिंदकी कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत छोटेलालपुर गांव के समीप फरीदपुर–मंडराव मार्ग पर बुधवार की शाम राहगीरों से अभद्रता करने से मना करने पर ग्रामीणों ने पुलिस टीम पर हमला कर दिया। हमले में वरिष्ठ उपनिरीक्षक सहित चार पुलिसकर्मी घायल हो गए। सभी घायलों का मेडिकल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिंदकी में कराया गया है। छोटेलालपुर गांव के पास कुछ लोग राहगीरों से अभद्रता करते हुए अपशब्द बोल रहे थे। इसकी सूचना मिलने पर सरकंडी चौकी इंचार्ज उपनिरीक्षक प्रमोद सिंह मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाने का प्रयास किया। इस दौरान ग्रामीण उनसे उलझ गए और विवाद करने लगे। स्थिति बिगड़ने पर चौकी इंचार्ज ने उच्च अधिकारियों को सूचना दी जिसके बाद अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। पुलिस के पहुंचते ही कुछ ग्रामीणों ने पुलिस टीम पर हमला कर दिया। हमले में कोतवाली बिंदकी के वरिष्ठ उपनिरीक्षक वृंदावन राय, सरकंडी चौकी इंचार्ज उपनिरीक्षक प्रमोद सिंह, सिपाही रामप्रकाश तथा सिपाही रमाकांत घायल हो गए। हमले के दौरान चौकी इंचार्ज प्रमोद सिंह की वर्दी भी फट गई, जबकि वरिष्ठ उपनिरीक्षक वृंदावन राय के हाथ समेत शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आई हैं। सरकंडी चौकी इंचार्ज प्रमोद सिंह ने हमलावरों में छोटेलालपुर गांव निवासी और वर्तमान में जनपद कौशांबी में मुख्य आरक्षी के पद पर तैनात अखिलेश कुमार सहित कई लोगों के शामिल होने की तहरीर दी है। मुख्य आरक्षी अखिलेश कुमार इन दिनों छुट्टी पर अपने गांव आया हुआ था। पुलिस ने 13 नामजद समेत करीब 30 अज्ञात लोगों के खिलाफ मारपीट, बलवा, सरकारी कार्य में बाधा डालने सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक हेमंत कुमार मिश्रा ने बताया कि घायल पुलिसकर्मियों का मेडिकल कराया गया है। घटना में शामिल फरार आरोपितों की तलाश की जा रही है और जल्द ही उनकी गिरफ्तारी की जाएगी।
