कश्यप-निषाद समाज इस बार पीडीए के साथ, राजपाल कश्यप

पूर्व एमएलसी ने भाजपा सरकार पर साधा निशाना, आरक्षण और कानून-व्यवस्था के मुद्दे उठाए


फतेहपुर (वंदना टाईम्स)। समाजवादी पार्टी कार्यालय में शुक्रवार को पूर्व एमएलसी राजपाल कश्यप ने प्रेस वार्ता कर प्रदेश की भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश की जनता ने भाजपा के विजयी रथ को रोकने का काम किया है। अब कश्यप, निषाद और बिंद समाज का रुख बदल चुका है और बड़ी संख्या में लोग समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के साथ खड़े हैं।
राजपाल कश्यप ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर पीडीए के सामाजिक समीकरण को और मजबूत किया जाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार में पिछड़े और अति पिछड़े समाज से जुड़े मंत्रियों की बात प्रभावी ढंग से नहीं सुनी जाती। उन्होंने कहा कि सरकार की नीतियों और फैसलों से मछुआरा, निषाद, कश्यप व अन्य अति पिछड़े वर्ग के लोगों में असंतोष है।
प्रेस वार्ता के दौरान कश्यप ने शाहजहांपुर के विनोद साहनी हत्याकांड का जिक्र करते हुए प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि प्रदेश में जनता की समस्याओं का अपेक्षित समाधान नहीं हो रहा है और अपराध की घटनाओं को लेकर लोगों में चिंता है।
उन्होंने निषाद समाज के आरक्षण के मुद्दे को उठाते हुए कहा कि ओमप्रकाश राजभर और डॉ. संजय निषाद समाज को आरक्षण के मामले में अपेक्षित परिणाम नहीं दिला सके। उन्होंने निषादराज जयंती की छुट्टी, बालू खनन पट्टों तथा फूलन देवी जयंती से जुड़े फैसलों का उल्लेख करते हुए भाजपा सरकार पर मछुआरा समाज की उपेक्षा करने का आरोप लगाया। राजपाल कश्यप ने कहा कि कश्यप, निषाद और बिंद समाज सहित पीडीए से जुड़े वर्गों को अपने अधिकारों और सामाजिक भागीदारी के लिए एकजुट होने की जरूरत है। उन्होंने दावा किया कि आने वाले समय में इन समाजों का समर्थन समाजवादी पार्टी के साथ रहेगा।
प्रेस वार्ता में सांसद नरेश उत्तम पटेल, जिलाध्यक्ष सुरेंद्र सिंह यादव, महामंत्री मंजरयार, वरिष्ठ सपा नेता डॉ. रामनरेश पटेल समेत पार्टी के पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे। इस दौरान आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों और पीडीए सामाजिक समीकरण को मजबूत करने को लेकर भी चर्चा की गई।

More From Author

हसवा फायरिंग कांड में पुलिस का बड़ा खुलासारिंकू लोहारी समेत पांच गिरफ्तार, दीपू पटेल और गजानन मिश्रा पर 25-25 हजार का इनाम

किसानों की आय दोगुनी करने को सरकार कर रही हरसंभव प्रयास,कुलजीत सिंह

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *