सुविधाओं की अनदेखी व मनमानी शुल्क के विरोध में छात्रों का प्रदर्शन
-सर्वोदय इंटर कॉलेज में 05 घंटे तक रहा हंगामा,अधिकारियों के आश्वासन के बाद माने छात्र
फतेहपुर(वंदना टाईम्स)।
कस्बा स्थित सर्वोदय इंटर कॉलेज में मंगलवार को छात्रों का आक्रोश उस समय फूट पड़ा जब बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं विद्यालय गेट के बाहर एकत्र होकर प्रदर्शन करने लगे।करीब पांच घंटे तक चले प्रदर्शन में छात्रों ने विद्यालय प्रशासन पर मनमानी शुल्क वसूली और मूलभूत सुविधाओं की अनदेखी का आरोप लगाया।छात्रों ने समस्याओं को लेकर पहले ही विद्यालय प्रशासन को सूचना दे दी थी इसके बाद भी मांगे पूरी नहीं हुई तो छात्रों ने प्रदर्शन शुरू कर दिया।सूचना पर नायब तहसीलदार अरविंद कुमार,जिला विद्यालय निरीक्षक राकेश कुमार,खंड शिक्षाधिकारी रजनीश श्रीवास्तव मौके पर पहुंचे और छात्रों से बात की मिले आश्वासन के बाद छात्रों ने प्रदर्शन बंद किया।सुरक्षा को लेकर थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई।
प्रदर्शन कर रहे छात्रों का कहना था कि विद्यालय में अंकपत्र व अन्य दस्तावेज देने के नाम पर अतिरिक्त धनराशि ली जाती है।इसके अलावा स्वच्छ पेयजल,बिजली,पंखे,बैठने के लिए पर्याप्त फर्नीचर,कंप्यूटर लैब,लाइब्रेरी,खेल मैदान तथा व्यायाम शिक्षक जैसी आवश्यक सुविधाओं का भी अभाव है।छात्रों ने आरोप लगाया कि कई महीनों से इन समस्याओं की जानकारी विद्यालय प्रशासन को दी जा रही है लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।छात्रों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी समस्याओं का जल्द समाधान नहीं किया गया तो आंदोलन आगे भी जारी रहेगा।सूचना मिलने पर नायब तहसीलदार एवं जिला विद्यालय निरीक्षक,बीईओ मौके पर पहुंचे।अधिकारियों ने छात्रों से वार्ता कर उनकी समस्याएं सुनीं और बिंदुवार मांगों पर कार्रवाई का आश्वासन दिया।इसके बाद छात्र-छात्राओं ने प्रदर्शन समाप्त कर दिया।
विद्यालय के प्रधानाचार्य लाल बहादुर सिंह ने बताया कि मंगलवार सुबह छात्र-छात्राओं ने बिना पूर्व सूचना विद्यालय गेट के बाहर प्रदर्शन शुरू कर दिया था। अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर छात्रों से वार्ता की और उनकी समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया।इसके बाद सभी छात्र शांतिपूर्वक अपने घर लौट गए।उन्होंने कहा कि विद्यालय में जिन मांगों का समाधान संभव होगा,उन्हें प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराया जाएगा।थाना अध्यक्ष किशनपुर मनीष सिंह भी पुलिस बल के साथ मौके पर मौजूद रहे।उन्होंने बताया कि छात्रों ने अपनी समस्याओं को शांतिपूर्ण ढंग से अधिकारियों के समक्ष रखा।अधिकारियों के आश्वासन के बाद सभी छात्र-छात्राएं शांतिपूर्वक अपने घर लौट गए।
