फतेहपुर(वी.टी)। चौडगरा से घाटमपुर की ओर जा रही तेज रफ्तार डीसीएम बाइक सवार दो लोगों को रौंदते हुए सड़क किनारे स्थित सैलून की दुकान में जा घुसी। घटना में जहां बाइक सवार दोनों युवको की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गयी वहीं सैलून में सेविंग करा रहा युवक भी गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस डीसीएम चालक को हिरासत में लेकर घायल को अस्पताल एवं शवों को पोस्टमार्टम के लिये भेजा है।
बकेवर थाना क्षेत्र के आलमपुर गांव निवासी रामचन्द्र कुशवाहा (42) पुत्र गंगा प्रसाद आज दोपहर निजी कार्य के चलते अपने साढू घनश्याम कुशवाहा (45) निवासी ग्राम गोपालपुर थाना बकेवर के साथ बाइक से जहानाबाद थाना क्षेत्र आया हुआ था। देर शाम घर वापस लौटते समय जैसे ही कस्बे के गढी मोहल्ला मोड पर पहुंचे तो चौडगरा की ओर से आ रही तेज रफ्तार डीसीएम ने दोनों को रौंदते हुए सडक किनारे एक सैलून की दुकान में जा घुसी। घटना में जहां रामचन्द्र व घनश्याम की मौके पर दर्दनाक मौत हो गयी। वहीं सैलून में सेविंग करा रहा मिथलेश गंभीर रूप स घायल हो गया। घटना के बाबत थाना प्रभारी मनीष सिंह ने बताया कि आरोपित डीसीएम चालक को हिरासत में ले लिया गया है। घायल मिथलेश को अस्पताल भिजवा मृतक के परिजनो को जानकारी देते हुए शवों को पोस्टमार्टम के लिये भेजा गया है। तहरीर मिलते ही डीसीएम चालक के विरूद्ध मुकदमा दर्ज कर कार्यवाही की जाएगी।
