करोड़ों की ठगी का आरोप, सुनार फरार

पांच गांवों के सैकड़ों ग्रामीणों में मचा हाहाकार, आठ साल तक भरोसा जीतकर जमा करता रहा जेवर-नकदी


फतेहपुर (वंदना टाईम्स)। भरोसे के नाम पर करोड़ों रुपये की कथित ठगी का मामला सामने आने से पांच गांवों के सैकड़ों ग्रामीणों में हड़कंप मच गया है। पथरकटा निवासी दशरथ सोनी पर ग्रामीणों से करोड़ों रुपये के सोने-चांदी के जेवरात और नकदी लेकर फरार होने का आरोप लगा है। करीब आठ वर्षों से बिसौली चौराहे पर सराफा की दुकान संचालित कर रहे दशरथ ने ग्रामीणों के बीच विश्वास कायम कर लिया था। आरोप है कि इसी भरोसे का फायदा उठाकर उसने बड़ी रकम और जेवरात एकत्र किए और करीब 15 दिन पहले अचानक दुकान बंद कर फरार हो गया।
ग्रामीणों के अनुसार दशरथ सोनी सोने-चांदी के आभूषण बेचने के साथ पुराने जेवर खरीदने और गिरवी रखने का काम भी करता था। वह आसपास के गांवों में जाकर भी लोगों से लेनदेन करता था। करीब 15 दिनों से उसकी दुकान पर ताला लटका हुआ है और मोबाइल फोन भी बंद है। ग्रामीणों ने जब उसकी तलाश शुरू की तो उसके फरार होने की जानकारी सामने आई। इसके बाद कथित ठगी का मामला खुलने पर पीड़ितों में अफरा-तफरी मच गई।
ग्रामीणों का आरोप है कि दशरथ सोनी लगभग चार करोड़ रुपये के जेवरात और नकदी लेकर फरार हुआ है। बुधवार को आधा सैकड़ा से अधिक पीड़ित सदर एसपी ऑफिस पहुंचे और पुलिस को शिकायती पत्र देकर कार्रवाई की मांग की। पीड़ितों में बैरी गोविंदपुर निवासी पूनम देवी, इंदल, परमा का पुरवा निवासी रामलाल, कामता, सुकेती निवासी चंद्रसेन, प्रेम, मिथलेश कुमार, रोहित, वीरेंद्र कुमार, मेघनाथ, कमलेश और सुधवा निवासी सुनील समेत अन्य ग्रामीण शामिल रहे।
पीड़ितों ने पुलिस से मामले की जांच कर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई और उनकी रकम व जेवरात वापस दिलाने की मांग की है।

More From Author

पुरानी पेंशन बहाली को लेकर फतेहपुर में गरजा अटेवा, निकाली तिरंगा यात्रा

10 साल की मानसिक दिव्यांग बच्ची से दुष्कर्म की कोशिश, पुलिस पर हल्की धारा लगाने का आरोप

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *