मंगेतर के सामने गैंगरेप का आरोपी मुठभेड़ में गिरफ्तार

*एक लाख के इनामी बबलू सिंह के दोनों पैरों में लगी गोली, जंगल से दबोचा*

फतेहपुर(वी.टी)। खागा कोतवाली क्षेत्र में मंगेतर के सामने युवती से गैंगरेप की चर्चित घटना में फरार चल रहे एक लाख रुपये के इनामी आरोपी बबलू सिंह को पुलिस ने देर रात मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस कार्रवाई के दौरान आरोपी के दोनों पैरों में गोली लगी जिसके बाद उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।

पुलिस के अनुसार हथगांव थाना, खागा कोतवाली, थरियांव थाना और एसओजी टीम की संयुक्त कार्रवाई में आरोपी को खागा क्षेत्र स्थित ससुर खदेरी नदी के जंगल से घेराबंदी कर पकड़ा गया। बताया जा रहा है कि पुलिस टीम को आरोपी की मौजूदगी की सूचना मिली थी जिसके बाद देर रात कॉम्बिंग अभियान चलाया गया।

घेराबंदी के दौरान आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर भागने का प्रयास किया। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली उसके दोनों पैरों में लगी जिससे वह घायल होकर गिर पड़ा। इसके बाद पुलिस ने उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक तमंचा और कारतूस भी बरामद किए हैं। अधिकारियों के मुताबिक अभियुक्त बबलू सिंह पर पहले से चार आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं और वह लंबे समय से फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित था।

गौरतलब है कि खागा कोतवाली क्षेत्र में हुई गैंगरेप की घटना ने पूरे जिले में आक्रोश पैदा कर दिया था। मामले में लगातार पुलिस पर कार्रवाई का दबाव बना हुआ था। आरोपी की गिरफ्तारी को पुलिस बड़ी सफलता मान रही है।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि घायल आरोपी को प्राथमिक उपचार के बाद कड़ी सुरक्षा के बीच अस्पताल भेजा गया है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

More From Author

लगातार 5वें वर्ष शहीद माल्टा इंटर कॉलेज का शत-प्रतिशत परीक्षा परिणाम

बलात्कार का आरोपी 100000 का इनामियां बदमाश से पुलिस की मुठभेड़ दोनों पैरों में लगी गोली

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *