रिन्द नदी में नहाते समय चार दोस्तों की डूबकर मौत
-दो को गोताखोरों ने बचाया, पुलिस ने अस्पताल में कराया भर्ती
फतेहपुर(वी.टी)। ललौली थाना क्षेत्र के कुन्नू का डेरा मजरे खुर्मा नगर में रिन्द नदी नहाने गये 6 दोस्तों में चार की डूबकर मौत हो गयी वहीं दो को गोताखोरों ने सकुशल बचा लिया जिन्हे उपचार हेतु पुलिस ने सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र बिन्दकी में भर्ती कराया है। रविवार की दोपहर हुयी घटना से मृतकों के परिजनों में कोहराम मचा रहा। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर कार्यवाही करते हुए पोस्टमार्टम के लिये भेज दिया। घटना की जानकारी पर अपर पुलिस अधीक्षक ज्ञान प्रकाश राय, क्षेत्राधिकारी व थानाध्यक्ष के साथ मृतक युवकों के परिजनों से मिले और ढांढस बंधाते हुए उन्हे हर संभव मदद दिलाने का आश्वासन दिया।
थाना क्षेत्र के तपनी गांव निवासी हसीबुद्दीन (20), शाहिद (19) पुत्र सन्ने खां, शान (20) पुत्र नफीस, अंश प्रजापति (18) पुत्र गोरेलाल, मानू रैदास (19) पुत्र धर्मेन्द्र एवं नियाज (22) पुत्र मोइनुद्दीन निवासीगण ग्राम तपनी थाना ललौली आज दोपहर करीब 1 बजे गर्मी के चलते पडोसी गांव कुन्नू का डेरा मजरे खुर्मानगर से निकली रिन्द नदी नहाने गये हुए थे। नहाते समय सभी दोस्त गहरे पानी की ओर चले गये और डूब गये। शोर सुन नदी किनारे मौजूद गोताखोरों ने कडी मशक्कत के बाद मानू रैदास व नियाज को बाहर निकाला लेकिन बांकी हसीबुद्दीन, शाहिद व शान डूब गये जिससे उनकी मौत हो गयी। सूचना पर थाना प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार राव, उप निरीक्षक शशिभान सिंह मयफोर्स मौके पहंुचे और आनन-फानन मानू व नियाज को उपचार हेतु सीएचसी बिन्दकी भिजवाया। थाना प्रभारी श्री राव ने बताया कि नदी में डूबे चारों शवों को गोताखोरों के माध्यम से बाहर निकलवा पोस्टमार्टम के लिये भेज दिया गया है। शाम पहर एएसपी ज्ञान प्रकाश राय, क्षेत्राधिकारी बृजमोहन राय एवं थाना प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार राव मृतक के परिजनों के घर पहुंचे और उन्हे ढांढस बंधाते हुए घटना का दुख प्रकट किया तथा परिजनों को पुलिस प्रशासन द्वारा हर संभव मदद दिलाने का आश्वासन दिया।
